MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। देश की आज़ादी केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के त्याग, बलिदान और संकल्प का जीवंत प्रतीक है। उन महान आत्माओं ने अपने वर्तमान को कुर्बान कर हमारे भविष्य को सुरक्षित किया। ऐसे में उनका स्मरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है,एक ऐसी जिम्मेदारी, जिसमें उनके आदर्शों को समझना और समाज में उतारना सबसे महत्वपूर्ण है।
आज के समय में यह चिंता का विषय है कि महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं की स्मृति को श्रद्धांजलि देने का स्वरूप धीरे-धीरे बदलता जा रहा है। श्रद्धा और आदर की जगह कई बार राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन ने ले ली है। सड़कों को जाम कर रैलियां निकालना, चौराहों पर आवागमन रोक कर भाषण देना और भीड़ जुटाकर नारेबाजी करना, क्या यह वास्तव में उन महान व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान दर्शाता है? या फिर यह केवल अपने प्रभाव और शक्ति का प्रदर्शन बनकर रह गया है? सच्ची श्रद्धांजलि वह होती है, जिसमें समाज को कुछ सकारात्मक और उपयोगी दिया जाए। यदि हम उन महान लोगों की स्मृति में वृक्षारोपण करें, शिक्षा, स्वच्छता या स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में जनहित के कार्य करें, तो यह उनके आदर्शों के अधिक निकट होगा।
आम नागरिकों को करना पड़ता है कठिनाइयों का सामना
उनके नाम पर आयोजित कार्यक्रमों में शांति, अनुशासन और सार्थक संवाद हो, जिससे आमजन प्रेरित हो सकें, यही उनके प्रति सच्चा सम्मान होगा। अनावश्यक भीड़, शोर-शराबा और अव्यवस्था न केवल आम लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती है, बल्कि उस महान उद्देश्य को भी धूमिल करती है, जिसके नाम पर ये आयोजन किए जाते हैं। कई बार इन आयोजनों के कारण एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाते और आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या यह सब उन महान आत्माओं की शिक्षाओं के अनुरूप है?
श्रद्धांजलि के स्वरूप को पुनः परिभाषित करें
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम श्रद्धांजलि के स्वरूप को पुनः परिभाषित करें। तर्पण, यज्ञ-हवन, विचार गोष्ठियां और जनकल्याण के कार्य ,ये सभी ऐसे माध्यम हैं, जो न केवल सम्मान व्यक्त करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी लाते हैं। महान लोगों की स्मृति को जीवित रखने का सबसे श्रेष्ठ तरीका यही है कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज को एक बेहतर दिशा देने का प्रयास करें।


