NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। पंजाब नेशनल बैंक प्रधान कार्यालय नई दिल्ली में उप महाप्रबंधक विष्णु लाल बाना ने कहा कि बैंक की विभिन्न ऋण योजनाएं आम नागरिक के जीवनस्तर को बेहतर बनाने में सहायक साबित हुई हैं।
बाना गुरुवार को सार्वजनिक क्षेत्रीय बैंक पंजाब नेशनल बैंक द्वारा चलाए जा रहे रिटेल आउटरीच प्रोग्राम के तहत बीकानेर मंडल के डूंगर कॉलेज के प्रताप सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बैंक की रिटेल योजनाओं के बारे में कहा कि बैंक ग्राहकों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न ऋण योजनाएं सरल प्रक्रिया, न्यूनतम दस्तावेज और उचित ब्याज दरों पर उपलब्ध करा रहा है।
वित्तीय साक्षरता की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम
मुख्य अतिथि डूंगर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र पुरोहित ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम वित्तीय साक्षरता एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बैंक की ग्राहक-केन्द्रित नीतियों की सराहना करते हुए इसे समाज के हित में आवश्यक बताया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंडल प्रमुख राजेन्द्र मोहन शर्मा ने कहा कि बैंक आज रिटेल, कृषि, एमएसएमई और कॉर्पोरेट ऋण जैसे सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
ऋण योजनाएं सीधे आम नागरिकों तक पहुँचे
उन्होंने बताया कि गत सप्ताह आयोजित एग्री आउटरीच प्रोग्राम की सफलता के बाद अब बैंक रिटेल ऋण योजनाओं को लेकर देशभर में यह अभियान चला रहा है ताकि गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण एवं व्यक्तिगत ऋण जैसी योजनाओं की जानकारी सीधे आम नागरिकों तक पहुँचे। उप मंडल प्रमुख श्याम नारायण पांडे और मिड कॉरपोरेट ब्रांच बीकानेर से नीरज गर्ग ने भी अपने विचार साझा किए।
ये अधिकारी रहे शामिल
कार्यक्रम का संचालन जूही कश्यप ने किया। कार्यक्रम में मंडल कार्यालय बीकानेर के प्रमुख अधिकारी गिरधारी लाल मीणा, विक्रम मीणा, दीपक चौधरी, रोहिताश चौधरी, रामपाल जाट, विक्रम सिंह पुनिया, राम प्रताप गोदारा, चंद्रकांत व्यास, दीपक हर्ष, वासुदेव खत्री, अरविंद भारद्वाज, अमित धवल, ममता कुमारी सहित बीकानेर मंडल की सभी शाखाओं के शाखा प्रबंधकगण उपस्थित रहे।


