“वेल बिगिन इज हाफ डन” अर्थात अच्छी शुरुआत ही आधा काम पूरा होने के समान होती है। बीकानेर के रेल फाटकों की समस्या को लेकर प्रशासन द्वारा उठाए गए हालिया कदम इस कहावत को पूरी तरह सार्थक साबित करते हैं। वर्षों से शहर के लोगों के लिए परेशानी और प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बने रेल फाटक अब समाधान की दिशा में बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। जिन लोगों की भूमि अवाप्त की गई है उन्हें मुआवजा राशि के चेक प्रदान करना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उस लंबे संघर्ष के समाधान की ठोस शुरुआत है जिसका इंतजार बीकानेर लंबे समय से कर रहा था।
बीकानेर के कई प्रमुख रेल फाटक ऐसे रहे हैं जहां दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। फाटक बंद होते ही एम्बुलेंस, स्कूल बसें, व्यापारिक वाहन और आम नागरिक घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। इससे केवल समय की बर्बादी नहीं होती बल्कि ईंधन की खपत बढ़ने के साथ-साथ वायु और ध्वनि प्रदूषण भी खतरनाक स्तर तक पहुंच जाता है। लगातार बजते हॉर्न, धुएं से भरा वातावरण और अव्यवस्थित यातायात ने इस क्षेत्र को शहर का सबसे प्रदूषित हिस्सा बना दिया था। ऐसे में यदि अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम तेज हुआ है तो यह निश्चित रूप से राहत देने वाली खबर है।
मुआवजे को लेकर विवाद
किसी भी बड़े विकास कार्य में सबसे कठिन चरण भूमि अधिग्रहण और प्रभावित लोगों को संतुष्ट करना माना जाता है। अक्सर मुआवजे को लेकर विवाद खड़े हो जाते हैं और परियोजनाएं वर्षों तक अटक जाती हैं। लेकिन बीकानेर में प्रशासन ने प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि देकर यह संकेत दिया है कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही बल्कि जमीन पर काम को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर है। यह पहल लोगों में विश्वास पैदा करती है और विकास कार्यों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाती है।
दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी
रेल फाटकों की समस्या का समाधान केवल यातायात व्यवस्था सुधारने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा प्रभाव शहर की अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य और जीवनशैली पर भी पड़ेगा। जाम से मुक्ति मिलने पर व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और नागरिकों का समय बचेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शहर के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलेगी, जो आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।
नासूर से मुक्ति की उम्मीद
बीकानेर के नागरिक वर्षों से इस नासूर से मुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे थे। अब जब समाधान की किरण दिखाई देने लगी है तो स्वाभाविक है कि हर बाशिंदा एक नए और व्यवस्थित बीकानेर की कल्पना कर रोमांचित महसूस कर रहा होगा। आवश्यकता केवल इस बात की है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आमजन मिलकर इस परियोजना को बिना किसी अनावश्यक बाधा के समय पर पूरा करवाने में सहयोग करें। क्योंकि विकास का विरोध नहीं, बल्कि समाधान की दिशा में सहभागिता ही सच्चा जनहित होता है।
















