अब तक 15 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जयनारायण व्यास कॉलोनी (जेएनवीसी) थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर रोड स्थित एक होटल (रिसोर्ट) में घुसकर व्यवसायी और कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में 4 साल से फरार चल रहे एक इनामी बदमाश दिनेश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस इस प्रकरण में अब तक कुल 15 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
यह था मामला (मई 2022 की घटना)
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2022 को परिवादी सुभाष लेघा ने मामला दर्ज करवाया था कि 4 मई 2022 की शाम करीब 6 बजे कैलाश विश्नोई, कुलदीप, जेपी चौधरी, रोहित कस्वां, अनिल खिचड़, गौरव कामरा, अभिषेक, अमन व अन्य लोगों ने एकराय होकर उनके रिसोर्ट में घुसकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
हमलावरों ने परिवादी के साथ-साथ वहां काम करने वाले जैनुल और ऋषिराज शेखावत पर भी गंभीर रूप से वार किए, जिससे जैनुल को काफी चोटें आईं। आरोपियों ने रिसोर्ट में जमकर तोड़फोड़ भी की थी। इस मामले में पीड़ित जैनुल की जाति के आधार पर SC/ST Act की धाराएं भी जोड़ी गई।
पुलिस टीम ने लगातार आसूचना संकलन कर मुखबिरों की मदद से इस मामले में वांछित चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी बीकानेर में रानीबाजार निवासी दिनेश बिश्नोई को ढूंढ निकाला और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस इनामी बदमाश को पकड़ने में जेएनवीसी थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) विक्रम तिवारी, हेड कांस्टेबल हनुमानाराम, हेड कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल राजाराम की अहम भूमिका रही।


