नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यूनिसेफ प्रतिनिधि डॉ. आदित्य अग्निहोत्री ने शुक्रवार को गुड़ा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) का दौरा किया। उन्होंने आरोग्य मित्र एवं आरोग्य सखी से योजना की गतिविधियों की जानकारी ली तथा बीपी मापने की मशीन और आईडी कार्ड वितरित किए।
डॉ. अग्निहोत्री ने पंचायत की सक्रिय भागीदारी, स्वास्थ्य संकेतकों की पूर्ति और समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने योजना से लाभान्वित मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार के संबंध में फीडबैक भी लिया।
इस अवसर पर आरोग्य मंदिर प्रभारी डॉ. इरशाद रफीक सहित कंपाउंडर दिलीप गुर्जर, योग प्रशिक्षक जसवंत सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अनिल कड़ेला, एएनएम कविता चौधरी, सीएचओ नलिमा ज्यानी एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


