हिन्दुस्तान यूनिलीवर की टीम का छापा
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद (कॉस्मेटिक व अन्य) बेचने वालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) की अधिकृत लीगल टीम की शिकायत पर पुलिस ने तोलियासर भैरूजी गली में अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारे। इस दौरान ब्रांडेड कंपनी ‘लैक्मे’ (LAKME) और ‘क्लोजअप’ (Closeup) के सैकड़ों नकली उत्पाद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड की अधिकृत प्रतिनिधि (बैंगलोर निवासी) श्रीमती नयन तारा डेमी ने 23 जून 2026 को कोटगेट थाने में शिकायतें दर्ज करवाईं। उन्होंने पुलिस को बताया कि तोलियासर भैरूजी गली में कुछ व्यापारी उनकी कंपनी के नाम का सहारा लेकर ग्राहकों को धड़ल्ले से नकली उत्पाद बेच रहे हैं। जांच करने पर आरोपियों के पास इन उत्पादों को बेचने या खरीदने का कोई भी वैध बिल या दस्तावेज नहीं मिला। असली माल की जगह नकली माल बेचकर ये आरोपी न केवल ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे थे, बल्कि कंपनी की साख (Reputation) को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे थे।
इन आरोपियों के ठिकानों से पकड़ा गया नकली माल
शिकायत के आधार पर 22 जून की रात से लेकर 23 जून की सुबह तक पुलिस और कंपनी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान 4 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई: अब्दुर (21 वर्ष): मूल रूप से मुजफ्फरनगर (यूपी) के रहने वाले इस आरोपी के पास से ‘लैक्मे’ के 24 नकली नग जब्त किए गए। कैफ (21 वर्ष): मुजफ्फरनगर (यूपी) के ही रहने वाले इस दूसरे आरोपी के पास से भी ‘लैक्मे’ के 53 नकली उत्पाद पकड़े गए। अब्दुर पुत्र जलालुद्दीन (22 वर्ष): मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी इस तीसरे आरोपी के कब्जे से ‘लैक्मे’ के 48 नकली उत्पाद बरामद हुए।
जोशीवाड़ा निवासी स्थानीय व्यापारी भी शामिल
मनोज कुमार मोदी (52 वर्ष): जोशीवाड़ा, बीकानेर निवासी इस स्थानीय व्यापारी की दुकान से ‘क्लोजअप’ के 187 नकली नग जब्त किए गए। यूपी से तार जुड़े होने का अंदेशा: गौरतलब है कि पकड़े गए आरोपियों में से तीन उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के निवासी हैं, जो बीकानेर के मोहल्ला व्यापारियान में किराए का मकान (शौकत अली और इकरामद्दीन के मकान में) लेकर यह अवैध कारोबार चला रहे थे।
आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
कोटगेट थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 63, 65 कॉपीराइट अधिनियम और 173(3) के तहत अलग-अलग (मामला क्रमांक 167/2026 से 170/2026 तक) एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि भारी मात्रा में यह नकली माल कहाँ से बनकर आ रहा था और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे का अनुसंधान एएसआई जिले सिंह, सब इंस्पेक्टर गौरव बोहरा, एएसआई महेन्द्र कुमार और एएसआई विजय कुमार द्वारा किया जा रहा है।


