Samachar Seva

Mission Patrkarita

शोभासर में ग्रामीण सेवा शिविर, सीईओ शैलजा पांडे ने बांटे आबादी भूमि के पट्टे

Rural service camp held in Shobhasar; CEO Shailaja Pandey distributed land leases for inhabited areas.

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीणों को उनके गांव में ही सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए चलाए जा रहे ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ का बुधवार को जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्रीमती शैलजा पांडे ने निरीक्षण किया।

पंचायत समिति बीकानेर की ग्राम पंचायत शोभासर में आयोजित इस शिविर में उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया और अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के तुरंत निपटारे के निर्देश दिए। इस दौरान बीकानेर पंचायत समिति की विकास अधिकारी श्रीमती साजिया तब्बसुम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

वंचित न रहे पात्र व्यक्ति  

सीईओ शैलजा पांडे ने निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सुश्री महिमा कसाना ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

एक पेड़ मां के नाम’

सीईओ शैलजा पांडे ने शिविर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। शिविर में अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन के म्यूटेशन, बंटवारे और आबादी भूमि के पट्टे वितरित किए गए। साथ ही, ‘मंगला पशु बीमा योजना’ के तहत पशुपालकों को लाभान्वित किया गया।