ऑपरेशन उमंग-7: बाल श्रमिक मुक्त, दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिले में मानव तस्करी एवं बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटगेट स्थित एक दुकान से 15 वर्षीय बाल श्रमिक को मुक्त कराया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बीकानेर अनुष्ठा कालिया व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सैल सुभाष गोदारा के सुपरविजन में गठित टीम ने ऑपरेशन उमंग-7 के तहत कोटगेट सांखला फाटक के पास स्थित महालक्ष्मी स्टोर पर दबिश दी।
पुलिस ने वहां से एक बाल श्रमिक को मुक्त करवाकर उसे पुनर्वास हेतु बाल कल्याण समिति, बीकानेर को सुपुर्द किया। वहीं दुकान के मालिक गौरव श्रीमाली पुत्र ओमप्रकाश उम्र 32 के खिलाफ पुलिस थाना कोटगेट में विभिन्प्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। मुक्त हुए बालक ने बताया कि वह दुकान पर 5 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से रोजाना सुबह नौ बजे से रात साढ़े नौ बजे तक काम करता था।
रजिस्टर में हाजिरी भी नहीं लगाई जाती
उसे दिन में आराम का समय नहीं दिया गया तथा किसी रजिस्टर में हाजिरी भी नहीं लगाई जाती थी। इस कार्रवाई के लिये गठित पुलिस टीम में मानव तस्करी विरोधी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ की पुलिस निरीक्षक प्रभारी रेणुबाला, सहायक उप-निरीक्षक शिशपालराम तथा कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।
मानव तस्करी विरोधी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ युनिट बीकानेर के कांस्टेबल रामनिवासी की ओर से र्ज कराये गए इस मामले की जांच एएसआई प्रवीण कुमार को सौंपी गई है।


