MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर नेशनल हाईवे डिवीजन द्वारा सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर तक जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर लेन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस परियोजना के लिए विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं, जिन्हें आगामी 26 मार्च को खोला जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य को शीघ्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
नेशनल हाईवे डिवीजन के अधिशाषी अभियंता हनुमान दान रत्नू ने बताया कि टेंडर खुलने के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए अप्रैल माह से सूरतगढ़–श्रीगंगानगर मार्ग को चौड़ा करने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 1022 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर तक का यह मार्ग क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण यातायात मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहन, ट्रक तथा अन्य मालवाहक वाहन गुजरते हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
वर्तमान में सड़क दो लेन होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। ऐसे में लंबे समय से इस मार्ग को फोर लेन में विकसित करने की मांग उठ रही थी। अब इस परियोजना के शुरू होने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि सड़क सुरक्षा में भी सुधार आएगा। फोर लेन बनने के बाद वाहन चालकों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा यात्रा का समय भी कम होगा।
इस परियोजना के पूरा होने से श्रीगंगानगर, सूरतगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि बेहतर सड़क संपर्क से माल परिवहन अधिक तेज और सुगम हो सकेगा। लोगों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


