Loading Now

updates

ऑपरेशन नीलकंठ : नशे के विरुद्ध बीकानेर पुलिस की सराहनीय पहल

Operation Neelkanth: Bikaner Police's Commendable Initiative Against Drugs

MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर जिले में चलाया जा रहा ऑपरेशन नीलकंठकेवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का गंभीर और सकारात्मक प्रयास बनकर उभरा है। जिस प्रकार इस अभियान के अंतर्गत लगातार नशे की खेप पकड़ी जा रही है और नशे के कारोबार से जुड़े कैरियर्स को गिरफ्तार किया जा रहा है, वह बीकानेर पुलिस की सजगता, प्रतिबद्धता और सख्त कार्यशैली का प्रमाण है। यह अभियान इस बात का संकेत भी है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

आज पूरे देश में नशा एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुका है। विशेषकर युवाओं को इसकी गिरफ्त में लेने वाले गिरोह समाज की जड़ों को कमजोर कर रहे हैं। ऐसे समय में बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा यह अभियान उम्मीद जगाने वाला है। लगातार कार्रवाई कर पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून के विरुद्ध जाकर समाज को नुकसान पहुंचाने वालों के लिए कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जब्त किए गए मादक पदार्थों की मात्रा और पकड़े गए तस्करों की संख्या यह दर्शाती है कि पुलिस केवल औपचारिकता नहीं निभा रही, बल्कि जमीनी स्तर पर गंभीरता से कार्य कर रही है।

विश्वास का वातावरण तैयार करना महत्वपूर्ण

किसी भी जिले की कानून व्यवस्था केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं होती, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व होता है। यदि पुलिस नशे, अपराध और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार निष्पक्षता और निष्ठा से कार्रवाई करती रही तो निश्चित रूप से बीकानेर में सामाजिक वातावरण अधिक सकारात्मक और सुरक्षित बनेगा। समाज भी ऐसी कार्रवाई से प्रेरित होकर पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए आगे आएगा।

टीम की सामूहिक प्रतिबद्धता से सफलता संभव

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा की सोच, दृष्टिकोण और कार्यशैली इस अभियान में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। किसी भी बड़े अभियान की सफलता केवल शीर्ष अधिकारी की योजना से नहीं होती, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक प्रतिबद्धता से संभव होती है। इसलिए आवश्यक है कि जिले का प्रत्येक पुलिसकर्मी पुलिस अधीक्षक के विजन को समझे और उसी भावना के साथ कार्य करे। जब पुलिस बल संवेदनशीलता, ईमानदारी और जनहित की भावना के साथ कार्य करता है, तभी जनता का विश्वास मजबूत होता है।

पीड़ितों के प्रति रहे संवेदनशील दृष्टिकोण

इसके साथ ही यह भी आवश्यक है कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण भी अपनाए। थानों में आने वाले आमजन को सम्मान और न्याय मिले, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा पीड़ित को यह महसूस हो कि पुलिस वास्तव में उसकी सुरक्षा और सहायता के लिए है। यदि सख्ती और संवेदनशीलता दोनों का संतुलन कायम रहे तो पुलिस व्यवस्था समाज में आदर्श स्थापित कर सकती है।

मजबूत कार्रवाई से सकारात्मक बदलाव संभव

ऑपरेशन नीलकंठ ने यह साबित किया है कि सही नेतृत्व, स्पष्ट नीयत और मजबूत कार्रवाई से सकारात्मक बदलाव संभव है। आवश्यकता इस बात की है कि यह अभियान निरंतरता के साथ आगे बढ़े और समाज भी नशामुक्त बीकानेर के संकल्प में पुलिस का सहयोग करे। तभी वास्तव में एक स्वस्थ, सुरक्षित और पवित्र सामाजिक वातावरण का निर्माण हो सकेगा।

Share this content:

You May Have Missed