सिल्वर स्क्रीन पर धूम मचा रहे बीकानेरी कलाकारों से होगा विशेष संवाद सत्र
NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। पाँच दशकों से अधिक समय तक मंच को विचार, शब्द और अनुशासन प्रदान करने वाले रंगकर्मी व नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा के पूर्व डायरेक्टर देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित छह दिवसीय बीकानेर थियेटर फेस्टिवल मंगलवार 24 फरवरी से शुरू होगा। यह फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित होगा।
फेस्टिवल में बीकानेर से अपनी नाट्य यात्रा शुरू कर सिल्वर स्क्रीन पर अपनी विशेष पहचान बनाने वाले मिर्जापुर, दिल्ली क्राइम फेम राजेश तैलंग, ओह माई गोड, बालिका वधु फेम जय नीरज राजपुरोहित, बागले की दुनिया, तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम दीपक पारीक, नागिन फेम अनुराग व्यास, बालिका वधु फेम संदीप भोजक, नयनतारा, कस्तूरी फेम चारु आसोपा तथा रैड 2 फेम नवनीत रंगा भी अपनी भागीदारी निभाने बीकानेर पहुंचेंगे। बीकानेर में नाटकों से अपनी अभिनय यात्रा की शुरुआत करने वाले इन कलाकारों से स्थानीय लोग संवाद के एक खुला सत्र में रूबरू हो सकेंगे।
राजस्थान के सात नाटकों का होगा मंचन
बीकानेर थियेटर फेस्टिवल में इस बार राजस्थान के सात नाटकों का मंचन भी होगा। इनमें जयपुर के सरताज नारायण माथुर का गऊ रो दान, रूचि भार्गव का ढाई आखर प्रेम का, जोधपुर के अरु व्यास का एक प्यार का ड्रामा है, उम्मेद सिंह भाटी का नदी प्यासी थी, भीलवाड़ा से गोपाल आचार्य का भोपा भेरुनाथ, परम्परागत बातपोशी कला पर आधारित बातां को बघार, बीकानर से सुरेश हिंदुस्तानी का ध्वनि प्रकाश तकनीक पर आधारित महाराणा प्रताप का मंचन किया जाएगा। फेस्टिवल में पहली बार अमित तिवारी के निर्देशन में बच्चों के दो नाटक द फायर बोर्न प्रिंसेस तथा वंश वृक्ष का मंचन भी होगा जो बच्चों को रंगमंच विधा से जोड़ने में सहायक होंगे।
देश-विदेश से 500 से भी अधिक रंगमंच प्रेमी होंगे शामिल
सांस्कृतिक मंत्रालय, भारत सरकार के सांस्कृतिक केंद्र पटियाला, उदयपुर, प्रयाग राज, जवाहर कला केंद्र, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर की नाट्य प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस रंग मेले में माइम, कथा वाचन, रील मेकिंग, फोटोग्राफी सहित कला के की अन्य विधाओं के भी विशेष सत्र होंगे। फेस्टिवल में शहरवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से 500 से भी अधिक रंगमंच प्रेमी शामिल होंगे। जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विरासत संवर्धन संस्थान, हंसराज डागा चेरिटेबल ट्रस्ट तथा अनुराग कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे इस फेस्टिवल की तैयारी से जुड़े लोगों में टी. एम. लालाणी, हंसराज डागा, मधुसूदन अग्रवाल, सुरेंद्र धारणिया, दीपक अग्रवाल, सुधेश व्यास, अमित सोनी, सुरेश पारीक, अशोक व्यास, चेना राम आयोजन की सफलता के हर संभव प्रयास को साकार करने में जुटे हुए हैं।
बीकानेर थिएटर फेस्टिवल का 10वां एडिशन
बीकानेर 24 फरवरी से 1 मार्च तक एक वाइब्रेंट आर्टिस्टिक हब में बदल जाएगा, जो देश भर के परफॉर्मर्स, आर्टिस्ट्स, थिंकर्स और आर्ट के शौकीनों को एक साथ लाएगा। यह माइलस्टोन एडिशन एक यादगार अनुभव होगा, जिसमें कई तरह के इवेंट्स होंगे, जिनमें शानदार थिएटर प्रोडक्शन्स, सोचने पर मजबूर करने वाले स्ट्रीट प्ले, मन मोह लेने वाले म्यूज़िक और डांस परफॉर्मेंस, और इंस्पायरिंग थिएटर टॉक शामिल हैं।
परफॉर्मिंग आर्ट्स के इस ज़बरदस्त जश्न में कई लोग जुड़ेंगे। फेस्टिवल में थिएटर प्रोडक्शन, स्ट्रीट प्ले, मोनो एक्ट्स और माइम, थिएटर टॉक्स, शॉर्ट फ़िल्में, ड्रामैटिक रीडिंग, लोक परफ़ॉर्मेंस, आर्ट एग्ज़िबिशन, ओपन माइक, हेरिटेज वॉक, और वर्कशॉप और मास्टरक्लास आयोजित होंगे। बीकानेर के रेत के टीले क्रिएटिविटी, जुनून और विरासत के नाटकीय तूफानों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार किया जा रहा है।


