NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिला कांग्रेस कमेटी देहात व शहर के तत्वावधान में कांग्रेस प्रतिनिधिमण्डल ने नर्सिंग अधिकारी भर्ती में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पन्नाधाय प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से पीबीएम अस्पताल में 210 नर्सिंग अधिकारियों की संविदा भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं व भ्रष्टाचार सामने आया हैं।
भर्ती प्रक्रिया में प्रत्येक उम्मीदवार से एक से ढाई लाख रुपये तक की कथित अवैध वसूली किए जाने के आरोप हैं। जिला कलेक्टर ने कहा कि पीबीएम नर्सिंग संविदा भर्ती भ्रष्टाचार मेरे संज्ञान में नहीं हैं। सरकारी जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस प्रतिनिधिमण्डल ने जिला कलेक्टर चैम्बर के बाहर धरना दिया। सम्भागीय आयुक्त ने इस मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की।
जांच होने तक संविदा नर्सिंग स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने के आदेश दिये। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता अनिवार्य है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि नर्सिंग भर्ती में यदि पैसें लेकर चयन हो रहा है, तो यह बेहद गंभीर व अन्यायपूर्ण मामला है।


