Samachar Seva

Mission Patrkarita

सेना भर्ती रैली2026-सात दिन में जमा करवाने होंगे लंबित आवश्यक दस्तावेज

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के खेल स्टेडियम में आयोजित भर्ती रैली में शामिल हुए उन सभी अभ्यर्थियों को जिनके दस्तावेज लंबित हैं, उनको अपने शेष आवश्यक दस्तावेज 7 दिवस के भीतर, अर्थात 23 फरवरी तक आर्मी भर्ती कार्यालय झुंझुनू में अनिवार्य रूप से जमा कराने होंगे।

भर्ती इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि इस भर्ती रैली में चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं तथा श्रीगंगानगर जिलों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। कर्नल कुमार ने बताया कि निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित अभ्‍यर्थी की अभ्यर्थिता पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कर्नल कुमार ने बताया कि यह भर्ती रैली भारतीय सेना की युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्र सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

जानकारी में रहे कि भारतीय सेना के आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस झुंझुनूं के तत्वावधान में स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के स्टेडियम में 29 जनवरी से आयोजित भर्ती रैली सोमवार 16 फरवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। आयोजन में आर्मी भर्ती कार्यालय झुंझुनू तथा जिला प्रशासन बीकानेर के समन्वित प्रयासों से सभी व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर उपेंद्र कौशल ने भर्ती स्थल का सोमवार को विशेष निरीक्षण किया। भर्ती प्रक्रिया का यह चरण पूर्ण होने के साथ ही आगे की चयन प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।