बीकानेर समाचार बुधवार 30 मार्च 2022

हाथ के इशारों से बताया राजस्थान दिवस का महत्त्व  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। बीकानेर बुधवार 30 मार्च 2022, दिव्यांग सेवा संस्थान में मूक बधिर व मंदबुद्धि बालक बालिकाओं को हाथ के इशारों से राजस्थान दिवस के महत्त्व के बारे में बताया गया।  

अध्यापक राहुल वर्मा ने साइन लेंग्वेज में बच्चों को बताया कि हर साल 30 मार्च को राजस्थान के लोगों की वीरता, दृढ़ इच्छाशक्ति तथा बलिदान को नमन किया जाता है। राज्य की लोक कलाएं, समृद्ध संस्कृति, महल, व्यंजनों का जायका दुनियाभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है।

इस अवसर पर मूक बधिर व मंदबुद्धि बालक बालिकाओं ने वीरों की गाथाओं और राजे-रजवाड़ों की शान के लिए दुनिया-भर में अपनी अलग पहचान रखने वाला राजस्थान के बारे में जानकारी ली।

संस्था प्रधान जेठाराम ने कहा कि राजस्थान दिवस हम सबके लिए महान गौरव का क्षण है। यह राजस्थान की वीरता, त्याग, विरासत और संस्कृति का उत्सव है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक गणेश लाल, देवराम, रविकुमार, नेहा चोरडिया आदि भी मौजूद रहे।

बीकानेर जिले के विकास में महाराजा गंगासिंह का अहम योगदान : नीरज  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने कहा कि बीकानेर जिले के विकास में महाराजा गंगासिंह का अहम योगदान रहा है। वह दूरदृष्टा थे।  

संभागीय आयुक्त बुधवार को गंगा राजकीय संग्रहालय में महाराजा गंगा सिंह के जीवन दर्शन पर लगाई गई छाया चित्रों की प्रदर्शनी के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में लगे चित्रों के माध्यम से युवा पीढ़ी को महाराजा गंगासिंह के व्यक्तित्व-कृतित्व की जानकारी हो सकेगी।

इस दौरान संभागीय आयुक्त ने संग्रहालय में प्रदर्शनी में महाराजा गंगा सिंह के जीवन की प्रमुख घटनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक चित्र से संबंधित घटना के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग वृत्त बीकानेर द्वारा राजस्थान दिवस पर आयोजित इस प्रदर्शनी में 31 चित्रों के माध्यम से महाराजा गंगासिंह के जीवन की प्रमुख घटनाओं को आमजन के अवलोकनार्थ प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी को लगभग 600 लोगों ने देखा।  इससे पूर्व प्रदर्शनी का शुभारंभ संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन ने किया।

इस अवसर पर पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के वृत्त अधिकारी महेन्द्र कुमार तथा डॉ. नितिन गोयल, नीलिमा पूनिया, शंकर दत्त हर्ष और मनोहर सिंह आदि मौजूद रहे।

मीतालीसीमा व प्राची बनी मिस फेयरवेल 

बीकानेर, (समाचारसेवा)। जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज में बुधवार को स्रातक अंतिम वर्ष की छात्राओं को दी विदाई पार्टी दी गई।  

इस अवसर पर हुई प्रतियोगिता में बीसीए की छात्रा मीताली हर्ष, बी.ए. की सीमा सियाग तथा बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा प्राची राजपुरोहित को मिस फेयरवेल चुना गया।

इससे पूर्व अन्तिम वर्ष की इन छात्राओं ने कैटवॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

तीनों संकायों की मिस कॉन्फीडेन्स प्रतियोगिता में बीसीए की जागृति बोथरा, बी.ए. की पिंकी गहलोत तथा बी.कॉम की आयुषी सामसूखा मिस कॉन्फीडेंन्स बनी।

इसी प्रकार बीसीए की भाविका सामसुखा, बी.ए. की संगीता पाणेचा तथा बी.कॉम अंतिम वर्ष की छात्रा में प्राची राठी को मिस पर्सनेल्टी चुना गया।

निर्णायक की भूमिका डॉ. प्रीति मोहत्ता, डॉ. दीपाली व्यास व डॉ. वन्दना राजवंशी ने निभाई। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई।

विदाई पार्टी में कॉलेज प्राचार्या डॉ. सन्ध्या सक्सेना, डॉ राजेन्द्र जोशी, डॉ. प्रेमरतन तोषनीवाल, डॉ पंकज दाधीच आदि भी उपस्थित रहे।

सखी ग्रुप से जुड़ी पुष्करणा महिलाओं ने मनाया होली स्रेह मिलन समारोह  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। पुष्करणा समाज की महिलाओं द्वारा संचालित पुष्करणा सखी सोशल मीडिया ग्रुप का होली मिलन समारोह बुधवार को गजनेर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया।  

समारोह में महिलाओं ने नृत्य भी किया। इस दौरान ग्रुप की ओर से अंतरराष्टÑीय महिला दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं की विजेता महिलाओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

समारोह में समारोह संयोजिका राजकुमारी व्यास ने बताया कि महिला दिवस पर ड्राईंग, आर्ट एण्ड क्रॉफ्ट, हैंडराईटिंग, बिंदी सज्जा, कुकिंग, स्वच्छ भारत अभियान, गायन, नृत्य, रंगोली एवं पेपर फ्लावर ज्वैलरी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थी।

विजेताओं को रूप निखार ब्यूटी पार्लर तथा आरची मैक ऑर्वर द्वारा गिफ्ट हैम्पर व कूपन प्रदान किए गए। अर्चना थानवी, रूचिका व्यास ने आयोजन में सक्रिय भुमिका निभाई।

शूटर वेदिका शर्मा का डेफऑलिम्पिक में चयन  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। डूंगर कॉलेज की बी.ए. पार्ट द्वितीय की छात्रा वेदिका शर्मा का 1 से 15 मई तक ब्राजील में आयोजित डेफऑलिम्पिक में दस मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल प्रतियोगिता में चयन हुआ है।  

वेदिका का 28 मार्च से डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज, तुगलकाबाद में प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। यह 26 अप्रेल तक चलेगा।

इसके बाद 27 अप्रेल को वह ब्राजील जाएगी।

छात्रा वेदिका चित्रकला, भूगोल एवं इतिहास विषय में कॉलेज में अध्ययन कर रही है।

उसका मूक बधिर खिलाड़ियों के लिये होने वाले डेफऑलिम्पिक में चयन होने से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।

सुविधाओं के लिहाज से पिछड़ा हुआ है बीकानेर स्टेशन  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। बीकानेर रेलवे स्टेशन एक आदर्श रेलवे स्टेशन में शुमार है। इसके लिए इस रेलवे स्टेशन को अवार्ड भी दिया जा चुका है लेकिन आदर्श सुविधाओं के लिहाज से अब  भी पिछड़ा हुआ है।

  

यह कहना है सामाजिक कार्यकर्ता चौरू लाल सुथार का। सुथार ने इस संबंध में उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर के मंडल रेल प्रबंधक को एक पत्र भी सौंपा है।

पत्र में बताया गया है कि बीकानेर रेलवे स्टेशन पर लगे यात्री शेड्स गाड़ियों में लगे डिब्बों की लंबाई के अनुरूप नहीं है।

इस कारण यहां से यात्रा करने व आने वाले यात्रियों व उनके परिजनों को सर्दी, गर्मी व बरसात के मौसम में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

सुथार के अनुसार प्राय: प्राय: सभी यात्री गाड़ियों की लंबाई 24 से 25 डिब्बों तक की है। इस स्थिति में रेलवे स्टेशन पर बने टिन शेड्स की लंबाई नाकाफी साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रफल के हिसाब से बीकानेर मंडल सबसे बड़ा है तथा मुख्यालय होने के बावजूद यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं नजर नही आती।

उन्होंने बताया कि बीकानेर से हमेशा करीब 50 से 60 गाड़ियों का संचालन होता है जिसमे दैनिक,सप्ताहिक व अन्य गाड़ियां शामिल है।

रोजाना 14 से 15 हजार यात्री उप डाउन करते है परंतु टिन शेड्स की लंबाई यात्री गाड़ियों की लंबाई के अनुरूप नहीं होने के कारण उनको व परिजनों को मजबूरन खुले में खड़ा रहना पड़ता है।

इस तल्ख गर्मी में तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सुथार ने बताया कि 24 अक्टूबर 2014 से लगातार इस समस्या से निजात दिलाने हेतु वे प्रयास कर रहे है लेकिन रेलवे प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक कार्यवाही नही की जा रही है।

समस्या आज तक जस की तस विद्यमान है। रेलवे के वरिष्ठ वाणिज्यक प्रबंधक ने वर्ष 2020 के अपने एक पत्र बताया था कि रेलवे बोर्ड द्वारा कोविड 19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण फण्ड की कमी होने से सभी नए कार्यों पर रोक लगा दी है।

स्थिति सामान्य होने पर इस कार्य हेतु पुन: प्रस्ताव बनाकर रेलवे बोर्ड को भिजवाएंगे। सुथार ने मंडल रेल प्रबंधक को इसी पत्र का हवाला देकर इस कार्य के जल्दी निस्तारण हेतु आग्रह किया है।   

सांस्कृतिक विविधता में एकता राजस्थान की सबसे बड़ी खूबी : राजेन्द्र जोशी  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। वरिष्ठ कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता में एकता यहां की सबसे बड़ी खूबी है।  

प्रदेश का प्रत्येक क्षेत्र सांस्कृतिक रूप से समृद्ध एवं सम्पन्न है। यहां की परम्पराएं, जीवन शैली और खान-पान अपने आप में विशिष्ट है।

जोशी बुधवार को राजस्थान दिवस के अवसर पर राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी तथा सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा सूचना केन्द्र सभागार में ‘राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक परम्परा’ विषयक संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजस्थानी को राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता में एकता पर गर्व होना चाहिए। सहायक निदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और इसे आगे बढ़ाने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं लोक कलाओं के संरक्षण की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के सचिव शरद केवलिया ने कहा कि प्रदेश में साहित्य का अकूत भंडार है।

यह सांस्कृतिक विरासत को और अधिक समृद्ध करता है। उन्होंने कहा कि अकादमी द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सूचना केन्द्र की पाठक किरण बिश्नोई ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

हमारे तीज-त्यौहार, मेले-उत्सव और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से यह परम्पराएं एक से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती है। सूचना केंद्र के सुखदेव रंगा ने आगंतुकों का आभार जताया।

इस दौरान चंद्रशेखर जोशी, मांगीलाल भद्रवाल, विष्णु शर्मा, शिवकुमार, संस्कृतिकर्मी कृष्णचंद्र पुरोहित, जनसंपर्क अधिकारी सतीश कुमार सोनी सहित जनसंपर्क कार्यालय एवं अकादमी के कार्मिक, पाठक आदि मौजूद रहे।  

 राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता पहलवानों चयन बुधवार को   

बीकानेर30 मार्च।राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिये स्थानीय अंडर 23 वर्ष के पहलवानों का चयन बुधवार 6 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पेटल नगर स्थित पटेल बाल विहार व्यायामशाला में किया जाएगा।  

जिला कुश्ती संगम बीकानेर के अध्यक्ष कमल कला ने बताया कि विजेता पहलवान 12 से 14 अप्रैल 2022 तक उदयपुर में होने वाली राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।

सचिव जगन पूनिया ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों की आयु 1999 से 2003 के बीच होनी चाहिए।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में लक्ष्मण सारस्वत,सहीराम, महावीर कुमार सहदेव एवं राम प्रताप उर्फ छोटू होंगे।

पहलवान महावीर कुमार सहदेव ने बताया कि चयन समारोह के मुख्य अतिथि अरुण कुमार पांडे, सुशील कुमार डूड्डी, एवं जसविंदर सिंह अधिशासी अभियंता जलदाय विभाग होंगे।

श्रीकोलायत में खुलेंगे दो स्कूलदो होंगी क्रमोन्नत  

बीकानेर, (समाचारसेवा)। राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2021-22 के तहत श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में 2 नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय   खोलने तथा 2 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किए जाने की स्वीकृति जारी की गई है।   

ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेघवालों का मोहल्ला, वार्ड नंबर 16, देशनोक एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय पोडो का बास, चक 10 डीओबीबी में नवीन विद्यालय खोले गए हैं।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय मोडिया मानसर व राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नेहरू बस्ती, देशनोक को राजकीय प्राथमिक विद्यालय से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया गया है।