Loading Now

updates

नगर निगम चुनाव में 1738 जवानों के भरोसे सुरक्षा व्यवस्था

97 अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त जाप्ता, 59 मोबाइल पार्टियां रखेंगी नजर

नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)नगर निगम चुनाव में मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और मतदाताओं को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के लिए बीकानेर पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। 9 सितम्बर को होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए 1738 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं होमगार्ड जवान तैनात किए जाएंगे। शहर के 80 वार्डों में बनाए गए 452 मतदान केन्द्रों की सुरक्षा के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केन्द्रों की सुरक्षा तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा। परिस्थितियों एवं संवेदनशीलता के आधार पर कई केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा।

97 केन्द्रों पर रहेगी विशेष निगरानी

नगर निगम क्षेत्र के 97 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन केन्द्रों पर सामान्य सुरक्षा के अतिरिक्त एक सहायक उप निरीक्षक तथा चार हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल का पृथक जाप्ता तैनात रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाएगी।

59 मोबाइल पार्टियां रहेंगी भ्रमणशील

पूरे शहर में मतदान केन्द्रों की निगरानी और किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 59 मोबाइल पार्टियां गठित की गई हैं। प्रत्येक मोबाइल पार्टी में एक सहायक उप निरीक्षक और तीन हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इनकी निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सुपरवाइजरी अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जाप्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा।

8 एरिया मजिस्ट्रेट के साथ पुलिसकर्मी

चुनाव ड्यूटी में तैनात 8 एरिया मजिस्ट्रेटों के साथ दो-दो पुलिसकर्मी पृथक रूप से लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी परिस्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

जिला मुख्यालय पर रिजर्व फोर्स भी तैयार

आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला मुख्यालय पर आरएसी की एक कंपनी के 75 जवान रिजर्व रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन और नगर निगम स्तर पर 100 अधिकारी-कर्मचारियों का पृथक रिजर्व बल भी उपलब्ध रहेगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार तत्काल संबंधित क्षेत्र में भेजा जा सकेगा।

वरिष्ठ अधिकारी करेंगे लगातार मॉनिटरिंग

चुनाव की पूरी सुरक्षा व्यवस्था की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिला विशेष शाखा, जिला विशेष टीम (डीएसटी) तथा जिला सोशल मीडिया सेल द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियां लगातार भ्रमण करती रहेंगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि मतदाताओं को डराने-धमकाने, मतदान प्रक्रिया में व्यवधान डालने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अफवाह और भ्रामक संदेशों से बचने की अपील

बीकानेर पुलिस ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और शांतिपूर्ण मतदान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा अपुष्ट सोशल मीडिया संदेशों को प्रसारित नहीं करने को कहा है। चुनाव से संबंधित संदिग्ध गतिविधि, मतदाता को प्रभावित या धमकाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी समस्या की सूचना पुलिस को तत्काल देने की अपील की गई है।

पुलिस कंट्रोल रूम : 0151-2206292 | मोबाइल : 87648-52595

Share this content:

You May Have Missed