Samachar Seva

Mission Patrkarita

मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में रौपे 500 से अधिक पौधे

नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में गुरुवार को 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण एवं वन संरक्षण का संदेश देते हुए 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में राजकीय विद्यालय, आईजीएनपी के विद्यार्थियों द्वारा नाटक एवं लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पौधरोपण के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बीकानेर के पंच गौरव का प्रदर्शन भी किया गया। इसके माध्यम से जिले की विशिष्ट पहचान, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को अवगत कराया गया। मुख्य अतिथि पुलिस, रेंज बीकानेर के महानिरीक्षक ओम प्रकाश रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) जयपुर आर.के. खैरवा ने की। आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार एवं जिला कलेक्टर निशांत जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि आईजी ओम प्रकाश ने अधिकाधिक लोगों से पौधरोपण एवं उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बीडीए कमिश्नर स्नेहल नाना, नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, आईएएस स्वाति शर्मा, आईएएस मनु गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारियो के साथ गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।