USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। कोटगेट थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 2,500 रुपये के ईनामी बदमाश भींयाराम उर्फ भीमला उर्फ भीमा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीकानेर के अलावा नागौर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कई गंभीर मामलों में वांछित था तथा हत्या के प्रयास और लूट के प्रकरण में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।
इस कार्रवाई में कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी, हेड कांस्टेबल हेतराम तथा कांस्टेबल गणेशाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने विशेष टीम गठित कर लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भींयाराम उर्फ भीमला उर्फ भीमा (24) निवासी बरनेल, तहसील जायल, जिला नागौर को गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहा था और उस पर 2,500 रुपये का इनाम घोषित था।
सोलर प्लांट में छिपकर कर रहा था काम
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहचान छिपाकर एक सोलर प्लांट में मजदूरी कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रणनीति अपनाते हुए कांस्टेबल गणेशाराम को ट्रैक्टर चालक बनाकर सोलर प्लांट में भेजा। गणेशाराम ने आरोपी की पहचान की और सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करता था। जरूरत पड़ने पर वह साथ काम करने वाले लोगों का फोन केवल एक बार इस्तेमाल करता था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सके।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोटगेट थाने के अलावा मुक्ताप्रसाद नगर थाना में दो मामले, नागौर जिले के पादू कलां थाना में लूट का मामला तथा कोतवाली थाना का स्थायी वारंट लंबित है। इसके अलावा भी विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। हत्या के प्रयास और लूट के मामले में भी वह वांछित चल रहा था।
चोरी की बाइक से की थी लूट
पुलिस के अनुसार 27 जून 2025 को सुरेंद्र खत्री की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला कोटगेट थाने में दर्ज हुआ था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी की इसी मोटरसाइकिल का उपयोग नागौर के पादू कलां क्षेत्र में एक महिला से लूट की वारदात को अंजाम देने में किया। बाद में मुक्ताप्रसाद क्षेत्र में दुर्घटना होने पर वह मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।


