नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। नगर निकाय चुनाव 2026 की मतगणना सोमवार, 14 सितम्बर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में होगी। मतगणना के दौरान कांग्रेस पार्टी के नगर निगम बीकानेर सहित विभिन्न नगर पालिकाओं के पार्षद उम्मीदवारों को किसी प्रकार की कानूनी, तकनीकी अथवा अन्य समस्या होने पर सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी, बीकानेर की ओर से जारी सूचना के अनुसार नगर निगम बीकानेर के अलावा नगर पालिका खाजूवाला, देशनोक, लूणकरणसर, नापासर एवं श्रीडूंगरगढ़ के कांग्रेस प्रत्याशी मतगणना संबंधी किसी समस्या के लिए मतगणना स्थल पर पार्टी के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकेंगे।
मतगणना स्थल पर पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला, भंवरसिंह भाटी, बिशनाराम सियाग, प्रहलादसिंह मार्शल तथा कृष्ण गोदारा उपस्थित रहेंगे। ये पदाधिकारी कांग्रेस प्रत्याशियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।









