Samachar Seva

Mission Patrkarita

पोक्सो व दुष्कर्म मामले का फरार आरोपी गुमानाराम गिरफ्तार

Fugitive accused carrying a reward of Rs 5,000 in POCSO and rape cases arrested, juvenile detained

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)नापासर थाना पुलिस ने पोक्सो एवं सामूहिक दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुमानाराम नायक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मामले में वांछित एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोर को भी निरुद्ध किया है। दोनों पर पुलिस मुख्यालय की ओर से 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2025 को नापासर थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि एक नाबालिग किशोरी को रात करीब एक बजे घर की छत से बहला-फुसलाकर बाहर बुलाया गया और उसका अपहरण कर ले जाने के बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

इस संबंध में थाना नापासर में मामला दर्ज कर वृत्त गंगाशहर के स्तर पर अनुसंधान शुरू किया गया था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुमानाराम पुत्र पेमाराम नायक (25), निवासी गुसाईसर, थाना नापासर को गिरफ्तार किया, जबकि एक वांछित विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया गया। दोनों को आगे की पूछताछ और अनुसंधान के लिए अनुसंधान अधिकारी पुलिस उप अधीक्षक संजीव चौहान को सुपुर्द किया गया है।

इस प्रकरण में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में शेष अनुसंधान जारी है। पुलिस टीम में थानाधिकारी कविता पूनिया, हैड कांस्टेबल लिखमदास तथा कांस्टेबल वेदप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।