जयपुर, (samacharseva.in)। कोरोना अलर्ट- राजस्थान में 30 मार्च तक सामुहिक गतिविधियां रहेंगी ठप, मुख्यमंत्री निवास पर शुक्रवार देर रात को हुई उच्चस्तरीय बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए ऐहतियात के तौर पर प्रदेश में सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, जिम, सिनेमाघर एवं थियेटर आदि को 30 मार्च तक बंद रखने कसे कहा है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में आयोजित होने वाले म्यूजिक इन द पार्क तथा नाटक मंचन आदि कार्यक्रम भी स्थगित रहेंगे। गहलोत ने कहा कि स्कूल और कॉलेजों में चल रही बोर्ड परीक्षाओं पर कोई रोक नहीं होगी। साथ ही, मेडिकल तथा नर्सिंग कॉलेज में कार्य संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से शादी समारोहों को छोटा रखने तथा सीमित संख्या में मेहमानों को बुलाने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचें तथा आवश्यकता होने पर ही सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने की अपील की है।



