मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर कार्यालय में हुआ आयोजन
NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बीकानेर में आयोजित समारोह में रेवाड़ी मुख्यालय के पॉइंट्समेन सूबे सिंह का सम्मान किया गया। मंडल प्रबंधक गौरव गोविल ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने पर रेवाड़ी मुख्यालय के पॉइंट्समेन सूबे सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं 1000 रु. की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में बताया गया कि सूबे सिंह ने गत माह 31 जनवरी को माघ मेले के दौरान प्रयागराज डिवीजन के नैनी स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री की जान बचाकर अद्वितीय सतर्कता एवं साहस का परिचय दिया। उनके त्वरित निर्णय और सजगता के कारण एक संभावित दुर्घटना टल गई। मंडल रेल प्रबंधक ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने भी सूबे सिंह के साहसिक एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा की। इससे पूर्व मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बीकानेर में सेफ्टी रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई। इस सेफ्टी रिव्यू मीटिंग के अध्यक्ष मंडल प्रबंधक गौरव गोविल ने अधिकारियों को संरक्षित रेल संचालन को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अंकुर कुमार झींगोंनियाँ, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबन्धक जयप्रकाश सहित अनेक रेलवे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

