मूरलीधरजी व्यास ने दूसरी भारतीय भाषाओं के बीच भी राजस्थानी का महत्त्व उजागर किया : डॉ. मोहता

NEWS HEADING
NEWS HEADING

बीकानेर, (समाचार सेवा)मूरलीधरजी व्यास ने दूसरी भारतीय भाषाओं के बीच भी राजस्थानी का महत्त्व उजागर किया : डॉ. मोहता, लोक कला मर्मज्ञ साहित्यकार डॉ. श्रीलाल मोहता ने कहा है कि मुरलीधर व्यास  राजस्थानी’ ने राजस्थानी भाषा की मिठास को अपने साहित्य के माध्यम से न सिर्फ साबित किया बल्कि उन्होंने दूसरी भारतीय भाषाओं के बीच में राजस्थानी का महत्व भी उजागर किया।

स्थानीय धरणीधर रंगमंच पर मुरलीधर व्यास  राजस्थानी’ स्मृति संस्थान द्वारा आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मोहता ने कहा कि मुरलीधरजी व्यास साक्षी भाव के साधक थे। समारोह के मुख्य साहित्यकार मधु आचार्य आशावादी ने कहा कि मायड़ भाषा की अस्मिता को बचाए रखने के लिए मुरलीधरजी ने न सिर्फ आजीवन राजस्थानी में लिखने का प्रण लिया बल्कि उन्होंने नियमित लेखन भी किया।

उन्होंने कहा कि मुरलीधरजी व्यास राजस्थानी जैसे लोक विरले ही होते हैं, जो मायड़ भाषा के महत्व को जानते हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि कवयित्री-कहानीकार ऋतु शर्मा, मुरलीधर व्यास  राजस्थानी’ स्मृति संस्थान के अध्यक्ष श्रीनाथ व्यास ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि कथाकार राजेंद्र जोशी, प्रमोद शर्मा, गौरीशंकर प्रजापत, अजय जोशी, गिरिराज पारीक, भारती व्यास, विनीता शर्मा, सरिता पारीक, सुधा बोहरा आदि मौजूद थे। संचालन हरीश बी. शर्मा ने किया। आभार आनंद पुरोहित ने स्वीकारा।

कार्यक्रम में मुरलीधर व्यास राजस्थानी के व्यक्तित्व,कृतित्व पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। प्रतियोगिता संयोजक व्यास योगेश राजस्थानी ने बताया कि प्रतियोगिता में राधिका गहलोत और मनमोहन आचार्य प्रथम, श्रद्धा श्रीमाली और चंद्रकांत नारायण श्रीमाली द्वितीय और राधिका जोशी तथा हुसैन जामी तृतीय रहे। 50 परीक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिये गये।

कोरोना एडवाइजरी की अवहेलना करने वालों पर होगी कार्यवाही : नमित मेहता

बीकानेर, (समाचार सेवा)जिला कलक्टर नमित मेहता ने कहा कि जिले में कोरोना एडवाइजरी की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेहता सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि आमजन के स्वास्थ्य एवं रोग संक्रमण से सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर सात एरिया मजिस्ट्रेट की थाना क्षेत्रों के अनुसार नियुक्ति की गई है। इनमें प्रशिक्षु आईएएस कनिष्क कटारिया को कोटगेट, उपनिवेशन विभाग के उपायुक्त कन्हैयालाल सोनगरा को कोतवाली, उपखण्ड अधिकारी मीनू वर्मा को नयाशहर, तहसीलदार सुमन शर्मा को गंगाशहर, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव कपूर शंकर मान को बीछवाल, सहायक कलक्टर बिंदु खत्री को जेएनवी तथा उपनिवेशन विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रामरतन सौकरिया को सदर थाना क्षेत्र में एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

सभी एरिया मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में भ्रमण के साथ आवंटित थाना क्षेत्र में स्थापित चैक पोस्ट पाइंट को चैक करने की कार्यवाही करेंगे। इन्हें अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नगर को प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध करवानी होगी। कलक्अर मेहता ने कहा कि कोरोना एडवाइजरी की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए सभी एरिया मजिस्ट्रेट संबंधित थानाधिकारियों के साथ प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों का विजिट करेंगे।  उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण पर प्रभावी अंकुश बरकरार रहे, इसके लिए पूर्ण सतर्कता रखनी जरूरी है।

मास्क नहीं लगाने वालों को समझाइश की जाएगी तथा नहीं मानने की स्थिति में चालान काटे जाएगें। एयरपोर्ट, रेल तथा सड़क मार्ग से बाहर से आने वाला कोई भी व्यक्ति   स्क्रीनिंग से वंचित नहीं रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

कलक्टर ने बताया कि अब तक जिले में 53 हजार से अधिक लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली तथा 9 हजार से अधिक को दूसरी डोज दे दी गई है।

भाटी ने पूर्व राज्यपाल सिंह के निधन पर जताया शोक

बीकानेर, (समाचार सेवा)पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी ने पूर्व राज्यपाल अंशुमानसिंह के देहांत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। भाटी ने कहा कि पूर्व राज्यपाल द्वारा न्यायिक क्षेत्र में कार्यरत रहते हुए भी सार्वजनिक जीवन व्यतीत करने के साथ ही न्याय के क्षेत्र में अहम फैसले दिये। उन्होंने कहा कि स्व. अंशुमान सिंह ने राज्यपाल पद के दौरान पक्ष व विपक्ष दोनों के विधायकों व पदाधिकारीयो से शालीनता का व्यवहार रखा।

डॉ. कल्ला ने पूर्व राज्यपाल श्री सिंह के निधन पर जताया शोक

बीकानेर, (समाचार सेवा)जलदाय एवं ऊर्जा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने पूर्व राज्यपाल अंशुमान सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।

डॉ. कल्ला ने कहा कि सिंह ने राजस्थान एवं गुजरात के राज्यपाल के पदों पर कार्य करते हुए सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। राजस्थान के राज्यपाल के पद पर रहते हुए प्रदेश के चहुंमुखी विकास में योगदान दिया। राज्य के उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में उन्होंने जनता को न्याय दिया।

 डॉ. सुबोध अग्रवाल आज बीकानेर में

बीकानेर, (समाचार सेवा)राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. सुबोध अग्रवाल 9 मार्च को प्रात: 10 बजे जयपुर से रवाना होकर बीकानेर पहुंचेंगे। यहां जिला कलक्टर नमित मेहता के साथ बैठक करेंगे तथा जामसर प्लांट एवं सोलर केप्टिव प्लांट का भ्रमण करेंगे। डॉ. अग्रवाल 10 मार्च को जैसलमेर के लिए रवाना होंगे।