NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर जिला एवं रेल प्रशासन की लापरवाही का लाइव नमूना सामने आया है। इसके चलते ट्रेन आने के समय के बावजूद पटरी पर भारी भीड़ जमा होने से सायरन बजते रहने के बाद भी कोटगेट रेल फाटक लगभग आधे घंटे तक बंद नहीं किया जा सका।
रेलवे ने बुधवार सुबह छह बजे से आगामी दो दिन के लिये सांखला फाटक को किसी कार्यवश एकदम बंद कर दिया, ऐसे में कोटगेट रेलवे फाटक पर बुधवार दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे जाम लग गया। दोनों और से आ रही भीड़ आमने सामने हो गई। इस कारण बीकानेर स्टेशन से रेल आने की सूचना के बाद सायरन बजते रहे मगर कोटगेट रेल फाटक बंद नहीं किया जा सका।
रेलवे ने मंगलवार को प्रेस नोट जारी किया था

यह बीकानेर जिला प्रशासन व रेल प्रशासन की लापरवाही का लाइव नमूना है। भले ही रेलवे ने मंगलवार की शाम प्रेस नोट जारी कर बता दिया था कि सुगम रेल संचालन हेतु लालगढ़-बीकानेर रेल खंड पर फाटक संख्या 141 (सांखला फाटक) पर अनुरक्षण कार्य होने के चलते दो दिन बंद रहेगा। वाहनों के आवागमन हेतु रहेगा पूर्णतया बंद रहेगा मगर ना तो रेलवे ने और ना ही जिला व पुलिस प्रशासन ने कोटगेट रेलवे फाटक पर ट्रेन आने के समय यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के कोई इंतजाम किए।
कोटगेट फाटक की पटरियों पर जमा हुई भीड़
यही कारण रहा कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे जब बीकानेर स्टेशन से ट्रेन रवाना होने का सिग्नल मिला तो कोटगेट फाटक की पटरियों पर जमा भीड़ के कारण गेट मैन के हाथपांव फूल गए। रेलवे का अन्य स्टाफ आरपीएफ तथा ट्रेपिफक पुलिस के लोग मौके पर पहुंचते तब तक भीड़ आमने सामने होकर जाम लगा चुकी थी। बड़ी मशक्कत के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों की सहायता से जाम हटवाना पड़ा।
किसी की जान से खेलने का काम
भगवान ना करे कि बीकानेर जिला प्रशासन व रेल प्रशासन की इस तरह की लापरवाही भविष्य में किसी की जान से खेलने का काम कर दे। लोगों के ट्रेपिफक सेंस की कमी के चलते भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
सांखला फाटक पर होगा अनुरक्षण कार्य
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बीकानेर ने मंगलवा शाम को एक प्रेसनोट जारी किया था कि बीकानेर रेल मंडल के लालगढ़-बीकानेर खंड पर OHE मास्ट 323/15-16 पर स्थित फाटक संख्या 141 (सांखला फाटक) अनुरक्षण कार्य हेतु, दिनांक 11.02.26 को प्रात: 06:00 बजे से दिनांक 12.02.26 को रात्रि 12:00 बज तक वाहनों एवं आमजन के आवागमन हेतु पूर्णतया बंद रहेगाl
वाहन चालक चुने वैकल्पिक मार्ग
उक्त अवधि में वाहनों के आवागमन हेतु वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग, OHE मास्ट 323/13-14 फाटक संख्या 140 (कोटगेट फाटक) का प्रयोग करें l आमजन से अनुरोध है कि इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें l साथ ही रेलवे व प्रशासन द्वारा लगाए गए संकेतकों एवं निर्देशों का पालन करें। ।।इतिश्री।।



