बुधवार 31 जुलाई 2019 – बीकानेर के समाचार

31BKN PH-1

बीकानेर, (समाचार सेवा)। बुधवार 31 जुलाई 2019 – बीकानेर के समाचार, बीकानेर जिले के समाचारों को समाचार सेवा की वेबसाइट पर एक साथ उपलब्‍ध कराने की तैयारी की गई है। यह समाचार बुलेटिन नियमित रूप से प्रतिदिन प्रति घंटे अपडेट होता रहेगा। इससे samacharseva.in के पाठक दिन में एक ही पोस्‍ट को अलग-अलग समय में खोलकर अपडेट समाचारों से अवगत हो सकेंगे। –समाचार सेवा डेस्‍क।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होगी नारी चौपाल

चौपाल में दी जाएगी  महिला सशक्तीकरण वाली योजनाओं की जानकारी

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता, महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण व महिला सशक्तीकरण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर माह नारी चौपाल आयोजित की जाएगी।  बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की जिला टास्क फोर्स की बैठक में यह जानकारी कलक्‍टर कुमार पाल गौतम ने दी।

उन्‍होंने बताया कि चौपाल के आयोजन से पूर्व ग्राम पंचायत की सभी महिलाओं, बालिकाओं व किशोरियों को इसकी जानकारी दी जाएगी ताकि वे नारी चौपाल में शामिल हो सके। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत वार स्थान व दिन निर्धारित कर नारी चौपाल का आयोजन किया जाएगा। चौपाल में महिला सशक्तीकरण व महिला अधिकारों के संरक्षण के विषय पर चर्चा की जाएगी।

 गौतम ने कहा कि नारी चौपाल आंगनबाड़ी केन्द्र, राजीव गांधी सेवा केन्द्रों या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर आयोजित की जा सकेगी। इस चौपाल में महिला सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की  जानकारी दी जाएगी।  इसके साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह व अन्य किसी भी प्रकार से हिंसा से पीडि़त महिलाओं की समस्याओं पर सुनी जाएगी।

बैठक में राज्य बालिका नीति पर के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। इसके तहत बालिका पोषण, पीसीपीएनडीटी एक्ट, बालिका नीति के लक्ष्यों को प्राप्त करने के विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर समीक्षा की गई। बैठक में सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

लंच विद डॉटर्स

शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली बेटियों को कलक्टर कुमार पाल गौतम के साथ लंच करने का अवसर प्राप्त होगा। जिला कलक्टर ने बताया कि लंच विद डॉटर्स कार्यक्रम बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिये किया जाएगा।   

शिविर में दिव्यांगों को 465 कृत्रिम अंगउपकरण वितरित किये

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरसागर में बुधवार को आयोजित शिविर में कलक्‍टर कुमार पाल गौतम ने विशेष आवश्यकता वाले बालक-बालिकाओं को कृत्रिम अंग-उपकरण वितरण किए।

शिविर में ट्राईसाईकिल, व्हीलचेयर, क्रच एल्बो, सी.पी.चेयर,ब्रेल किट, डेजी प्लेयर, स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, रोल्टर, हियरिंग एड, एम.आर. किट सहित कुल 465 अंग उपकरणों का वितरण किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्‍द्र कुमार जोशी ने बताया कि एलिमकों के सहयोग से बच्चों का असेसमेन्ट कैम्प आयोजन कर बालक-बालिकाओं को चिन्हित किया तथा बाद में कृत्रिम अंग उपकरण वितरण किए गए।

शिविर में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान हेतराम सारण, जिला उद्योग संघ के जिलाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया, संयुक्त आयकर आयुक्त बीकानेर एस.के.शर्मा, आयकर अधिकारी प्रकाश पारीक, बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के सचिव वीरेन्द्र किराडू, राजाराम सारड़ा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक लीलाधर पंवार, समाज कल्याण अधिकारी वाजिद खान,  जिला प्रभारी समावेशित शिक्षा शिव शंकर चौधरी, सहायक परियोजना समन्वयक कैलाश कुमार बडगुजर, कार्यक्रम अधिकारी पृथ्वीराज, श्रीकृष्ण चौधरी, उमर फारूख, डी.सी. भुवनेश्वर साध तथा धीरज पारीक आदि उपस्थित रहे।

जिन स्‍कूलों में नहीं बन रहा मिडडेमील, उनकी खैर नहीं

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। राष्ट्रीय पोषाहार सहायता कार्यक्रम मिड-डे-मील की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में  हुई। बैठक में कलक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा कि जिन स्‍कूलों में मिड-डे-मील नहीं बन रहा है, उसकी सूचना लेने की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने जिले के ब्‍लॉकों में गत् पांच वर्ष में खाद्यान्न के भौतिक सत्यापन की समीक्षा की और निर्देश दिए जिन विद्यालयों में खाद्यान्न के रिकार्ड में अन्तर हो तो संबंधित के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई जाए।

बैठक में अक्षय पात्र फाऊण्डेशन संस्था द्वारा संचालित केन्द्रीयकृत रसोई घर से शहरी क्षेत्र में दिए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता पर भी ध्‍यान रखे जाने को कहा। कलक्टर ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पोषाहार की अनियमितता पर निगरानी रखने के लिए सभी ब्‍लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने श्रीडूंगरगढ़ ब्‍लॉक में स्कूलों में दूध की क्वालिटी की शिकायत मिलने पर कहा कि प्रत्येक ब्‍लॉक की पांच-पांच स्कूलों में फूड इंस्पेक्टर से दूध की जांच करवाई जाए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा मोहम्मद इस्माईल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार जोशी, मुख्य ब्‍लॉक शिक्षा अधिकारी नोखा मोहम्मद सलीम पड़िहार सहित ब्‍लॉक शिक्षा अधिकारी आदि उपस्थित थे।

स्‍कूल-कॉलेज में होंगी राजस्थानी भाषा निबन्ध भाषण प्रतियोगिता

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से जल्‍द ही जिले के स्‍कूल व कॉलेजों में राजस्थानी भाषा में निबन्ध व भाषण प्रतियोगिता करवाई जायेगी। साथ ही राजस्थानी भाषा के दिवंगत साहित्यकारों की जयन्ती-पुण्यतिथि पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा।

राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के अध्यक्ष तथा संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना ने कहा कि राजस्थानी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।  मीना बुधवार को अपने कक्ष में अकादमी गतिविधियों के संबंध में दिशा-निर्देश दे रहे थे।

उन्‍होंने बताया कि अकादमी की मुख पत्रिका जागती जोत का सितम्बर-अक्टूबर अंक महाकवि कन्हैयालाल सेठिया की स्मृति में विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जायेगा। इस अवसर पर अकादमी सचिव शरद केवलिया, संयुक्त निदेशक सांख्यिकी इंदीवर दूबे मौजूद थे।   

आंगनबाडी कार्यकर्ताओं ने किया उरमूल सीमान्त समिति बज्जू का विरोध

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर जिले की कोलायत तहसील में गैर सरकारी संस्था उरमूल सीमान्त बज्जू से आंगनबाडी केन्द्रो का संचालन प्रत्याहारित कर पुनः महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन करने की मांग को लेकर राजस्थान आंगनबाडी कर्मचारी संघ श्रीकोलायत की जिलाध्यक्ष शांतिदेवी व सचिव लता सेवग के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन भिजवाया गया।

ज्ञापन से पूर्व कोलायत क्षेत्र की सैंकड़ों आंगनबाडी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।  जिलाध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आंगनबाडी कार्मिकों के भारी विरोध के बावजूद गत 28 वर्षो से उरमूल सीमान्त समिति बज्जू द्वारा आंगनबाड़ी परियोजना का संचालन कराया जा रहा है।

उन्‍होंने कोलायत ब्लॉक के आंगनबाडी केन्द्रो का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन करने की मांग की। प्रदर्शन में जिला सचिव लता सेवग, संयुक्त कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष जयकिशन पारीक, एटक के जिलाध्यक्ष प्रसन्न कुमार एवं महासचिव अब्दुल रहमान कोहरी, गोविन्द कंवर, सुमन कंवर, नीना देवी, कैलाश कंवर, विजय लक्ष्मी, जयश्री, चीकू, गीता, कमला आदि शामिल रहे। 

मुशी प्रेमचंद का मानवतावादी दृष्टिकोण बताया

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। पुस्तकालय प्रांगण में बुधवार को मुशी प्रेमचंद जयन्ति समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. मदन केवलिया वरिष्ठ साहित्यकार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार डॉ. मदन सैनी ने की तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. हरिराम गुप्ता थे। डॉ. मदन केवलिया ने प्रेमचंद के मानवतावादी दृष्टिकोण को,सभी तरह की रचनाओं तथा उनकी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं पर प्रकाश डाला।

 डॉ. मदन सैनी ने गबन गोदान, निर्मला, पंच परमेश्वर, कर्मभुमि के बारे में बताया। विशिष्ट अतिथि प्रो. हरिराम गुप्ता ने प्रेमचंद को यथार्थ वादी लेखक बताया और कहा कि वर्तमान में उनका लेखन प्रासांगिक है। पुस्तकालयाध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने प्रेमचंद के जीवन के बारे में जानकारी दी।

 कार्यालय में पुस्तकालय के पाठकगण सदस्य रजत, मानसी तथा मंजीत सिह ने विचार व्यक्त किए।  कार्यक्रम में अतिथि का स्वागत, राजेन्द्र तिवाड़ी उपाध्यक्ष, शोकत अली, प्रदीप चैधरी, सोनू पारीक, ओमप्रकाश आचार्य एवं महेन्द्र कुमार गौड़ ने किया।

हरियाली अमावस्या के अवसर पर लगाएंगे औषधीय महत्व के पौधे

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। महानंद पर्यावरण विकास समिति द्वारा हरियाली अमावस्या के अवसर पर गुरुवार सायं 6:30 बजे महानंद उद्यान में पौधारोपण किया जाएगा। समिति के मानवेन्द्र आचार्य ने बताया कि इस अवसर पर ‘हर्बल गार्डन’ के तहत औषधीय महत्व के पौधे लगाने की शुरूआत की जाएगी। पहले दिन अर्जुन, शतावरी, वज्रदंती, सेजना आदि पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि समिति के आह्वान पर बुधवार को लगातार सातवें दिन महानंद उद्यान में पौधारोपण किया गया।

 इस अवसर पर नमामि शंकर आचार्य, रवि शंकर आचार्य, गौरव व्यास, सौरव आचार्य, चंद्र शेखर व्यास, गणेश आचार्य, विजय नारायण, अमित नारायण, केशव आचार्य आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि उद्यान में अब तक 150 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि ग्यारह सौ पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही संस्था द्वारा इसके पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

अपना घर आश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर 1 अगस्त को

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। नेशनल औरल हैल्थ डे पर गुरूवार 1 अगस्त को इन्डियन डेंटल एशोसियेशन की बीकानेर इकाई द्वारा अपना घर आश्रम, वृन्दावन एन्क्लेव में बुजुर्गों के लिए शिविर आयोजित किया जायेगा।  एशोसियेशन की जिला इकाई अध्यक्ष डॉ. कुसुम सिंह ने बताया की 1 अगस्त को शाम 4.00 बजे से एक कैम्प का आयोजन आश्रम में किया जायेगा।

इस कैम्प में ना सिर्फ अपना घरवासियों में औरल हैल्थ की जांच की जायेगी बल्कि जरूरतमंदो के दांतो की सफाई, मसाला भरना व हिलते हुऐ दांतो का निकालने का कार्य भी किया जायेगा। इसके साथ ही नकली दांत लगाने के लिए नाप भी लिया जायेगा। कैम्प में जरूरत के अनुसार दवाईयों का निःशुल्क वितरण भी किया जायेगा।

 इस कैम्प में डॉ. आशु मलिक, डॉ. पारूल यादव, डॉ. कुसुम राठौड़ व पी.बी.एम. अस्पताल के डॉ. जितेन्द्र, डॉ. राजीव, डॉ. मन्जु, डॉ. ऋचा, डॉ. निकिता, डॉ. पल्लवी, डॉ. दीपक व डॉ. गरिमा निःशुल्क सेवाऐं देंगे।

आईएबीएमः विद्यार्थियों ने लगाए पौधे, दो सालों तक करेंगे देखभाल

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। कृषि व्यवसाय प्रबंधन संस्थान के विद्यार्थियों ने बुधवार को संस्थान परिसर में 65 पौधे लगाए। इन पौधों को प्रति विद्यार्थी के अनुसार आवंटित किया गया है। अगले दो वर्षों तक इनकी देखभाल इन्हीं विद्यार्थियों द्वारा की जाएगी। निदेशक प्रो. एन. के. शर्मा ने बताया कि कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा के निर्देशानुसार संस्थान में ‘एक पौधा एक विद्यार्थी’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया है।

 विद्यार्थी इनकी देखभाल करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से बचने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने जरूरी है। युवाओं में इसके प्रति जागरुकता पैदा करनी जरूरी है। इसे ध्यान रखते हुए विद्यार्थियों को पौधे आवंटित किए गए हैं।

विद्यार्थियों द्वारा गुलमोहर, अनार, मीठा नीम, नींबू, कनेर, बोगनवेल, गुडहल, अमलतास आदि पौधे लगाए गए। इस अवसर पर डॉ. अदिति माथुर, डॉ. सत्यवीर सिंह मीणा, विवेक व्यास सहित विद्यार्थी मौजूद रहे। 

एसकेआरएयू का 33वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को 

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का 33वां स्थापना दिवस गुरुवार को मनाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक प्रो. वीरसिंह ने बताया कि समारोह की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह विश्वविद्यालय स्टेडियम परिसर में प्रातः 11 बजे से प्रारम्भ होगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के कृषि लागत एवं मूल्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एस. एस आचार्य होंगे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति प्रो. के. एन. नाग की स्मृति में प्रथम व्याख्यानमाला आयोजित की जाएगी।

बी.पी.शूगर जांच शिविर आयोजित

उषा जोशी

[email protected] Mobil & Whats app no. 7597514697

बीकानेर, (समाचार सेवा)। फोर्टिस डीटीएम हॉस्पिटल द्वारा बुधवार को कोटगेट सट्टा बाजार स्थित गणेश मंदिर में प्रात: 6 से 9 बजे तक बी.पी.शूगर जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मंदिर भक्तजनों के लगभग 100 से अधिक लोगों ने अपनी जांच का लाभ लिया। शिविर का शुभारम्भ मंदिर ट्रस्टी रामस्वरुप सोनी ने किया। इस अवसर पर डॉ. तनवीर मालावत ने कहा कि समय-समय पर शिविर द्वारा जनहित में आम जनता अपनी बीमारी के लक्षण की जानकारी नि:शुल्क प्राप्त कर सकेंगे। इस शिविर में अभिषेक, नवल, मूनीर, शंकर सेवग ने सहयोग किया।