गांवों में कम्यूनिटी हैल्थ सेंटर बीमार

2BKN PH-2

बीकानेर, (समाचार सेवा)। गांवों में कम्यूनिटी हैल्थ सेंटर बीमार, शहर में अस्पताल बीमार है तो गांवों में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की हालत तो और भी बदतर है।

शनिवार को कलक्टर कुमारपाल गौतम ने देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्हें यहां बहुत सी गंभीर अनियमिताएं मिली। उन्होंने चिकित्सालय के दवा वितरण केन्द्र के स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया और स्टॉक रजिस्टर से दवाओं की उपलब्धता का मिलान किया।

देशनोक सीएचसी के निरीक्षण में मिली अवधि पार दवायें

जिला कलक्टर को यहां उपलब्ध दवाओं में से कुछ दवाएं एक्सपायरी डेट की मिली। साथ ही एक्स-रे मशीन भी खराब मिली। उन्होंने इस संबंध में डॉक्टर से कारण पूछा तो वे जबाव नहीं दे सके।

उन्होंने कहा कि अगर नियमित रूप से दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को मेन्टेन किया होता तो, ऐसी स्थिति  नहीं होती। उन्होंने कडेÞ शब्दों में कहा कि संबंधित फार्मेस्टि के विरूद्ध प्रकरण बनाते देते हुए कार्यवाही की जाए।

उन्होंने कहा कि एक्से-मशीन कब से खराब है? खराब होने के बाद क्या कार्यवाही हुई इसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के उन्होंने निर्देश दिए।

उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तो उन्हें वार्ड में गंदगी और बैड फटे हुए मिले। उन्हें अस्पताल में भी गंदगी देखने को मिली।

अस्पताल में गंदगी देख,उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मौजूद चिकित्सक को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करने को कहा।

रसूखदारी के कारण गंगाशहर के इंदिरा चौक में 6 साल से फैली है गंदगी

बीकानेर, (समाचार सेवा)। गंगाशहर नई लेन इंदिरा चौक के पास रसूखदारी के चलते नाली का निर्माण नहीं हो रहा। इसके चलते पिछले 6 साल से गंदगी फैली हुई है।

इस दरम्यान नगर निगम के महापौर नारायण चौपड़ा, यूआईटी के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका के अलावा सिस्टम के अफसर भी कई बार मौके पर पहुंचे, लेकिन रसूखदारी के दबाव में समस्या का हल नहीं निकल सका।

क्षेत्र के निवासियों ने अब कलक्टर कुमारपाल गौतम से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। क्षेत्र के निवासी झंवरलाल सेठिया ने बताया कि हमारे घर के पास नाली का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी घरों के आगे फैल रहा है।

छह साल पहले तत्कालीन एडीएम सिटी दुर्गेश कुमार बिस्सा ने इस समस्या के समाधान के लिए नगर विकास न्यास के सचिव तथा नगर निगम के आयुक्त को भी निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

क्षेत्र के लोगों की मानें तो एक रसूखदार नेता यहां अपने घर के आगे नाली का निर्माण नहीं करने देता, इसलिए ये समस्या उपजी हुई है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वो इस मामले में हस्तक्षेप करें ताकि क्षेत्र के लोगों को गंदगी से निजात मिल सके।

कलक्टर ने अपनाघर आश्रम में जाने वृद्धों के हाल

बीकानेर, 02 फरवरी। कलक्टर कुमार पाल गौतम ने शनिवार को जयपुर रोड पर वृन्दावन एन्क्लेव स्थित अपनाघर वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।

कलक्टरी गौतम ने वृद्धाश्रम में आवासित वृद्धों की कुशलक्षेम पूछी। आश्रम अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के अनुसार कलक्टर कुमारपाल गौतम ने अपनाघर वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया था।

आश्रम सचिव अशोक मूंधड़ा ने कलक्टर को आश्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मूंधड़ा ने बताया कि आश्रम में आवासियों को समस्त प्रकार की आवश्यक सेवायें निस्वार्थ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि वृंदावन एन्क्लेव स्थित अपनाघर वृद्धाश्रम में 148 लोग तथा रानीबाजार स्थित अपनाघर आश्रम में 111 लोग निवास कर रहे हैं।

आश्रम पदाधिकारियों के अनुसार कलक्टर गौतम ने आश्रम की सेवाओं एवं साफ-सफाई की सराहना की तथा कहा कि यह अन्य लोगों व संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। 

खेत पर स्वयं बीज तैयार करें किसान : प्रो. शर्मा

बीकानेर, (समाचार सेवा)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर के परियोजना अधिकारी प्रो. अनिल कुमार शर्मा ने किसानों से आव्हान किया कि वे अपने खेत में ही स्वयं बीज तैयार करे।

प्रो. शर्मा शनिवार को नोखा के सिंझगुरु गांव में राष्‍ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत ‘दलहनी फसलों में गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन एवं भंडारण’ विषयक कृषक प्रशिक्षण एवं प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसानों से वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि किसान अपना बीज स्वयं बनाकर लागत मूल्य कम कर सकते हैं तथा अच्छी गुणवत्ता का बीज होने के कारण उत्पादन भी बढ़ा सकते हैं।

इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने किसानों को उनके खेत पर स्वयं का बीज तैयार करने की तकनीक के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।

कृषि अनुसंधान केन्द्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. प्रकाश सिंह शेखावत ने चने की फसल में फसल उत्पादन तकनीकी पर चर्चा की तथा उन्नत किस्मों में जल, उर्वरक तथा खरपतवार प्रबंधन के बारे में बताया।

उन्होंने जैविक खेती तथा एनपीके छिड़काव के बारे में जानकारी दी। सह परियोजना अधिकारी डॉ. विजय शंकर आचार्य ने दलहनी फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों तथा इनके निदान के बारे में बताया।

उन्होंने फसल उपरांत दलहनी फसलों से प्राप्त बीजों को अगेती फसल के लिए भंडारण प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। सहायक कृषि अधिकारी श्रीराम विश्नोई ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।

अनुसंधान अध्येता शिवभगवान ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने क्षेत्र भ्रमण किया तथा चने व गेहूं की फसलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।

कृषि महाविद्यालय द्वारा शुक्रवार को बज्जू में कृषक प्रशिक्षण एवं प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान इंजीनियर जे. के. गौड़ ने जल प्रबंधन की विभिन्न विधाओं के बारे में जानकारी दी।

डॉ. पारीक भारतीय मृदा संरक्षण समिति के सदस्य निर्वाचित

बीकानेर, (समाचार सेवा)। कृषि महाविद्यालय बीकानेर के सहायक आचार्य डॉ. नरेन्द्र पारीक भारतीय मृदा संरक्षण समिति की कार्यकारी परिषद में सदस्य निर्वाचित हुए हैं। डॉ पारीक वर्ष 2020 से 2023 तक के लिए निर्वाचित हुए हैं।

ऊंटी में आयोजित सोसायटी की जनरल बॉडी की बैठक में डॉ. पारीक का निर्वाचन हुआ। 

यहां आयोजित राष्‍ट्रीय सेमिनार में डॉ. पारीक के ‘जलवायु परिवर्तन प्रभाव को कम करने और मृदा एवं

जल संसाधन के प्रबंधन में मौसम भविष्यवाणी की सहायता’ विषय पर प्रस्तुत पत्र को सर्वश्रेष्ठ पत्र चुना गया है।

ओरल प्रजेन्टेशन और पोस्टर प्रदर्शित कर शोध व अनुसंधान साझा किए

बीकानेर, 2 फरवरी। वेटरनरी विश्वविद्यालय में एकल स्वास्थ्य मिशन की चुनौतियों का सामना करने के लिए और बेहतर पशु स्वास्थ्य के समग्र पशुचिकित्सकीय दृष्टिकोण विषय पर आयोजित राष्‍ट्रीय संगोष्ठी में शनिवार तक देश के विभिन्न कोनों से आए संभागियों ने लीड पेपर, ओरल प्रजेन्टेशन और पोस्टर प्रदर्शित कर शोध और अनुसंधान की जानकारी साझा की गई।

संगोष्ठी के आयोजन सचिव प्रो. ए.पी सिंह ने बताया कि देश के सभी वेटरनरी विश्वविद्यालय कॉलेज और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसंधान संस्थानों के करीब 450 पशुचिकित्सा विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और शोधार्थी इसमें भाग ले रहे हैं।

शनिवार को आयोजित 7 तकनीकी सत्रों में वन्य, चिड़ियाघरों व प्रवासी पशु-पक्षियों में होने वाली बीमारियों, घोड़ों, ऊंटों, यॉक और मिथुन प्रजाति के रोगों पर किए जा रहे शोध की जानकारी दी गई। इनमें डॉ. डी. मोंडल, डॉ. निरंजन साहू, डॉ. एच.ए. उपेन्द्र, डॉ. एम.जी. जयंथनगराज, डॉ. कीर्ति दुआ और डॉ. जे.एस. सूदन ने प्रमुख उद्बोधन प्रस्तुत किए।

पशुओं में रोग निदान की आधुनिक और उन्नत तकनीकों के सत्र में डॉ. सी.एन. गलधर, डॉ. जी. विजयकुमार, डॉ. एम. नारायण भट्ट और डॉ. एस.के मैईटी ने लीड पोपर प्रस्तुत किए।

वैकल्पिक और विधिक चिकित्सा मेडिसिन के विषेष तकनीकी सत्र में डॉ. अशोक कुमार, डॉ. एन. पुनियामूर्थि, डॉ. शिवी मैनी, डॉ. एफ.सी. टूटेजा और डॉ. शिवांग स्वामी नारायण ने अपने प्रमुख शोध पत्रों को प्रस्तुत किया।

दसवें सत्र में इन्टास यंग साईंटिस्ट अवार्ड के लिए युवा शोधार्थियों ने अपने प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। रविवार को राष्ट्रीय संगोष्ठी के अंतिम दिन प्रात: 10 बजे से वेटरनरी ऑडिटोरियम में समापन सत्र में संगोष्ठी के शोध नतीजों पर प्रतिवेदन और सिफारिशें प्रस्तुत की जाएगी। 

हिन्दुस्तान को चरित्रवान, ईमानदार कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तियों की नितान्त आवश्यकता : सोनी

बीकानेर, (समाचार सेवा)। आदर्श विद्या मन्दिर गंगाशहर का वार्षिकोत्सव समारोह शनिवार को आयोजित किया गया।

समारोह में शैक्षिक, खेलकूद, तथा विविध क्षेत्रो में श्रेष्ठ परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

समारोह में प्रांत संरक्षक नंदकिशोर सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में चरित्रवान, ईमानदार कर्तव्य निष्ठ व्यक्तियों की हमारे राष्‍ट्र को नितान्त आवश्यकता है।

उन्होंने संस्कारवान शिक्षा के लिए विद्या भारती के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के व्यवस्थापक अमोलखराम ज्याणी, प्रधानाचार्य आशीष डागा ने भी विचार रखे।

समारोह में विद्यार्थियों ने शारीरिक अभ्‍यास का प्रदर्शन किया। विद्यालय के घोष दल ने आकर्षक प्रस्तुतियां दी।

समारोह में विद्यार्थी स्व. प्रेम सेवग के सामूहिक बीमा के 50 हजार रुपये का चैक पिता गणेशदास सेवग को सौंपा गया।

समारोह में विभाग संध चालक टेकचन्द बरडिया, प्रबंन्ध समिति के गंगाराम जीनगर, प्रेम सिंह बीठु, जतन लाल संचेती, मूलाराम थालोड, मूलचन्द गहलोत, नवीन सोलंकी,

कंचन छलाणी, महावीर प्रसाद, रतनलाल छलाणी, जिला सचिव रामसिंह राठौड उपस्थित रहे।

नाबार्ड ने किसानों की आय दूगना करने पर कराया विचार विमर्श

बीकानेर, (समाचार सेवा)। नाबार्ड की ओर से शनिवार को स्थानीय होटल सागर पैलेस में कार्यशाला का आयोज किया गया।

कार्यशाला में  जिले में नाबार्ड की वित्तीय सहायता से बने 8 उत्पादक संगठनों के निदेशकों, कार्यकारी अधिकारियों तथा अग्रणी जिला प्रबंधक कषि विभाग कषि विज्ञान केन्द्र बीकानेर तथा आत्मा बीकानेर के अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन ए.एच. गौरी ने किसान उत्पादक संगठन के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे संगठन के मार्फत किसानों में जागरुकता लाये तथा रोड मैप बनाकर किसानों की आय को 2022 तक दूगना करने में मदद करे।

कृषि विभाग के उपनिदेशक उदय भान ने किसानों को संगठित होकर जैवीक कषि की ओर बढने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में वरिष्ठि वैज्ञानिक मधु शर्मा, राजेश शर्मा, डॉ. मदन लाल, उपेन्द्र मील, जिला विकास प्रबंधक रमेश ताम्बिया, अग्रणी जिला प्रबंधक एन.के.गौड ने भी विचार रखे।

कायर्शाला के माध्याम से किसान उत्पादक संगठन के किसान बंधुओं को आश्वस्त  किया कि कार्यशाला में बताये गये बिन्दुओं का अनुसरण करने से किसानों को सशक्त किसान बनने में मदद मिलेगी और किसान आत्मनिर्भर तथा खुशहाल होगा।

भविष्य का किसान उत्पादक संगठन के माध्यम से अपने उत्पाद को बाजार में बेहतर मूल्य में बेचने में समर्थ हो सकेगा।

क्विज में ग्रांधी गांव का श्रीराम प्रथम

बीकानेर, 2 फरवरी। जिले में कोलायत तहसील की राजकीय माध्यमिक विद्यालय ग्रांधी के कक्षा आठ के छात्र श्रीराम सुथार पुत्र बाबूलाल ने भीलवाड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

श्रीराम सुथार ने वरिष्ठ अध्यापक प्रतापदास साध के मार्गदर्शन में स्पर्द्धा में हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता भीलवाड़ा में 29 जनवरी से एक फरवरी तक आयोजित हुई।

श्रीराम के शनिवार को बीकानेर पहुंचने पर विद्यार्थियों व स्कूल स्टॉफ ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।

ललिता का रजत पदक पर पंच

बीकानेर, (समाचार सेवा)। महाराजा गंगा सिह विश्वविद्यालय बीकानेर की बॉक्सिंग टीम की खिलाड़ी ललिता ने अखिल भारतीय अन्तर विश्वविद्यालय बॉक्सिंग महिला प्रतियोगिता में 69 भर वर्ग में रजत पदक पर कब्जा जमाया है। 

यह प्रतियोगिता उदयपुर के जनार्दन राय नागर विश्वविद्यालय में आयोजित हुई। जानकारी के अनुसार खिलाड़ी ललिता ने पूरे भारत के 103 विश्वविद्यालय के टीमों में पदक प्राप्त किया है।    

डेढ़ हजार श्रावक-श्राविकाओं ने किया नमक का परित्याग

बीकानेर, (समाचार सेवा)। तेरापंथ धर्मसंघ की साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा का 47वां चयन दिवस गंगाशहर स्थित शान्ति निकेतन में आध्यात्मिक अनुष्ठान के रूप में मनाया गया।

आचार्य तुलसी शान्ति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष जैन लूणकरण छाजेड़ ने बताया कि 1500 श्रावक-श्राविकाओं ने आज पूरे दिन नमक का परित्याग किया।

उन्होंने कहा कि सेवा केन्द्र व्यवस्थापिका शासनश्री मधुरेखाजी एवं अन्य साधु-साध्वियों के प्रयास से पहली बार 1500 लोगों ने एक साथ नमक का परित्याग किया।

उन्होंने बताया कि सभी 900 महिलाएं व 600 पुरुषों ने अपने अपने घर पर नमक रहित भोजन किया।

शान्ति निकेतन में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए साध्वीश्री मधुरेखाजी ने कहा कि साध्वी प्रमुखा कनकप्रभाजी के नेतृत्व में सैंकड़ों-सैंकड़ों साध्वियां अपनी संयम यात्रा कर रही है तथा संघहित में साध्वियों के व्यक्तित्व का निर्माण कर रही है।

उन्होंने कहा कि साध्वी प्रमुखाजी की साधना  के तीन मुख्य बिन्दु है आचार निष्ठा, गुरु निष्ठा व दृढ़ निष्ठा है। साध्वी विशद्प्रज्ञाजी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि साध्वी प्रमुखा कनकप्रभाजी का चयन दिवस गंगाशहर में मनाने का अवसर पहली बार मिला है।

उनका चयन 1972 में मर्यादा महोत्सव के अवसर पर गंगाशहर में हुआ था। साधना की दृष्टि से उनकी सहज स्वाभाविक प्रवृत्ति है, साधना की दृष्टि से सहज काय विद्वता, भाषा विद्वता व भाव विद्वता की धनी है।

साध्वीश्री प्रशमयशाजी ने कहा कि आज के दिन आचार्य तुलसी को नमन करूंगी कि उन्होंने संघ को साध्वीप्रमुखा के रूप में कनकप्रभा के रूप में एक हीरा प्रदान किया।

तुलसी ने कला को प्रभा बना दिया। साध्वी श्री पावनप्रभा जी ने कविता के माध्यम से भावाभिव्यक्ति प्रदान की। समारोह में 15 साध्वियों द्वारा सामूहिक गीतिका का संगान किया गया।

कार्यक्रम में साध्वी कल्याणमित्रा जी, महापौर नारायण चौपड़ा, तेरापंथी सभा के अध्यक्ष डॉ. पूनमचन्द तातेड़, मंत्री अमरचन्द सोनी, युवक परिषद के भरत गोलछा, अणुव्रत समिति के मनोज छाजेड़, कन्या मण्डल से क्षमता बोथरा ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन रम्यप्रभाजी ने किया।

अर्जुनराम मेघवाल 3 फरवरी को बीकानेर में

बीकानेर, (समाचार सेवा)। केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल रविवार को लूणकरनसर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 4 रेलवे स्टेशनों पर हुए विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।

इस दौरान उनके साथ डीआरएम  ए.के. दूबे भी साथ रहेंगे।

केन्द्रीय राज्यमंत्री मेघवाल लूणकरणसर, महाजन, अर्जुनसर व धीरेरा रेलवे स्टेशनों पर हुए विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।