NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। रसद विभाग एवं पुलिस टीम ने शनिवार देर रात जम्भेश्वर नगर स्थित जसनाथ जी की बगीची के पास औचक छापेमारी कर मौके से 56 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रिक कांटा, गैस रिफिलिंग मशीन तथा महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में संबंधित व्यक्ति की पहचान विष्णु बिश्नोई के रूप में हुई है।
ज़िला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सामने आया कि एक बाड़े में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण तथा रिफिलिंग की जा रही थी। जब्त किए गए सिलेंडरों को वैद्य मगाराम गैस एजेंसी, बीकानेर के सुपुर्द किया गया जबकि बोलेरो पिकअप वाहन को नयाशहर पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया है।
जप्त किए गए सिलेंडरों में इंडेन के 43, एचपी के 2 तथा भारत गैस के 11 सिलेंडर शामिल हैं। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत धारा 6ए में जिला कलेक्टर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


