NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन (एडीएम-ए) सुरेश कुमार यादव ने बैंकों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध करवाए। यादव गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की दिसंबर तिमाही की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बैंक एवं विभागों के बेहतर समन्वय से जिले में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सकती है।
बैठक में विभिन्न सरकार प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 26,255.40 करोड़ रुपये तथा कुल ऋण 28,678.36 करोड़ रुपये रहा। इस प्रकार जिले का साख-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) 109.23 प्रतिशत दर्ज किया गया। बैठक में बैंक अधिकारियों को दी साइबर अपराध रोकने व डिजिटल सेवा कार्ड के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक में जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक सुरेन्द्र कुमार, साइबर सेल प्रभारी रमेश कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ विंध्याचल सिंह, जीएम डीआईसी सुरेन्द्र कुमार, नाबार्ड डीडीएम रमेश तम्बिया, राजीविका डीपीएम दिनेश कुमार मिश्रा, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक नवीन साहू, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक मनोज सेन, आरसेटीआई निदेशक रुपेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।


