नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। विकसित भारत जन सेवा अभियान गुरुवार से शुरू हुआ। पहले दिन जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों ने घरों, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर विकसित भारत और विकसित राजस्थान में भागीदारी का संकल्प लिया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम सूरसागर परिसर में नगर निगम की ओर से हुआ, जहां अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने सामूहिक दीप प्रज्वलित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित राजस्थान’ संदेश की रंगोलियां भी सजाईं।
राज्य सरकार की ओर से यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिलेभर में जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत समिति एवं उपखंड मुख्यालयों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुए।
















