नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) बीकानेर द्वारा अन्तर-महाविद्यालयी तैराकी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) का आयोजन शुक्रवार 18 सितम्बर को प्रातः 8:00 बजे से राजीव गांधी तरणताल, एम.एम. ग्राउंड, बीकानेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन बी.जे.एस. रामपुरिया जैन कॉलेज बीकानेर के तत्वावधान में किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय से सम्बद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र एवं छात्राएँ भाग लेंगे। उन्होंंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागी विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा विश्वविद्यालय स्तर पर खेल कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 एवं 100 मीटर वर्ग में बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई एवं फ्रीस्टाइल, जबकि 200 मीटर में बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई, फ्रीस्टाइल एवं इंडिविजुअल मेडले स्पर्धाएँ आयोजित होंगी। 400 मीटर में फ्रीस्टाइल एवं इंडिविजुअल मेडले, जबकि 800 एवं 1500 मीटर में फ्रीस्टाइल स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी।
महाविद्यालय के खेल अधिकारी मानवेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं पदक प्राप्त प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजन समिति द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।















