पौषधशाला में मनाया संक्रांति महोत्सव
नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। रांगड़ी चौक स्थित पौषधशाला में साध्वीश्री प्रीतिरत्ना, साध्वीश्री प्रीतिसुधा एवं साध्वीश्री प्रीतियशा महाराज सा आदि ठाणा-3 की निश्रा में गुरुवार को चातुर्मास संक्रांति महोत्सव मनाया गया। साध्वीश्री प्रीतिसुधा ने संक्रांति का वाचन किया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गुरु भक्ति के गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। साध्वीश्री प्रीतिसुधा ने गुरु वल्लभ के उपदेशों पर आधारित गीत प्रस्तुत कर उनके बताए मार्ग को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परमात्मा को जानना ही पर्याप्त नहीं, उनके गुणों और संदेश को पहचानकर जीवन में उतारना भी जरूरी है। उन्होंने प्रतिदिन अपनी क्षमता के अनुसार धार्मिक कर्तव्य करने का आह्वान किया।
साध्वीश्री प्रीतिरत्ना ने मनुष्य जन्म को दुर्लभ बताते हुए इसे आत्मकल्याण, धर्म, संयम और साधना में लगाने की प्रेरणा दी। संक्रांति के बाद सूरज भवन में गौतम प्रसादी एवं स्वामी वात्सल्य का आयोजन हुआ। इसका लाभ रिखबचंद-शांतिलाल भंसाली परिवार ने लिया। इसमें गुरु भक्तों सहित सकल श्रीसंघ के श्रावक-श्राविकाओं ने प्रसादी ग्रहण की।
चातुर्मास लाभार्थी परिवार के सुरेंद्र बद्धाणी ने बताया कि 22 सितंबर से आचार्य हीरविजय सूरिश्वरजी एवं मुगल सम्राट अकबर के ऐतिहासिक प्रसंग पर प्रवचन श्रृंखला शुरू होगी। आयोजन में जप-तप एवं धार्मिक आराधना का क्रम भी जारी है।















