नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन पांचू के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न कॅरिअर विकल्पों की जानकारी प्राप्त की।
नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने कहा कि वैन का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और कौशल के अनुरूप कॅरिअर चयन के लिए उचित मार्गदर्शन देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं के बाद विषय एवं पाठ्यक्रम का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी।
कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को ‘कॅरिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका भी वितरित की गई। प्रधानाचार्य अनील कुमार ने पहल को ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संयोजन मनन श्रीमाली ने किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य आसुराम सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।













