नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर के सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पास ही एक बिना अनुमति के चल रहे प्राइवेट अस्पताल पर चिकित्सा विभाग ने टीम ने छापेमारी की। इस दौरान आयुर्वेद डॉक्टर पाइल्स का ऐलोपैथी इलाज करते मिले। वहीं अवैध रूप से दवाओं की दुकान और रोगियों की जांच की लेब भी मिली। चिकित्सा विभाग ने इसे सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ये ही कार्रवाई संभाग के हनुमानगढ़ में भी इसी अस्पताल में हो रही है।
संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी ने बताया- जनता पाइल्स क्लिनिक में पाइल्स रोगियों के इलाज किया जा रहा है। ये अस्पताल की चैन है, जो प्रदेश के अनेक जिलों में चल रही है। गुरुवार को रोगियों ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अवैध रूप से क्लिनिक चलाया जा रहा है और यहां आयुर्वेद डॉक्टर ऐलोपैथी से इलाज कर रहे हैं। जहां एमबीबीएस डिग्रीधारी डॉक्टर की जरूरत है। वहां आयुर्वेदिक डॉक्टर देख रहे हैं। रोगियों को पाइल्स इलाज के लिए ऑपरेशन के लिए तैयार किया जाता है। बाद में ऑपरेशन भी यहीं पर किए जा रहे हैं।
जांच की जा रही है कि ऑपरेशन योग्य डॉक्टर कर रहा है या फिर ये भी अवैध रूप से हो रहे हैं। डॉ. चौधरी ने बताया- क्लिनिक चलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं किए गए हैं। वहीं योग्यता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में क्लिनिक को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। यहां दवाओं की दुकान भी अवैध तरीके से चल रही है। जिसके लिए ड्रग डिपार्टमेंट से स्वीकृति नहीं है, ऐसे में ड्रग इंस्पेक्टर अपनी तरफ से अलग अलग कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज करवाई जा रही है।
फिलहाल चिकित्सा विभाग ये पता लगा रहा है कि यहां किस-किस रोगी के ऑपरेशन किए गए और उनका स्वास्थ्य कैसा है। कुछ रोगियों ने तो इस कार्रवाई के दौरान अपनी शिकायत दर्ज करवा दी थी। जिसे आधार बनाकर चिकित्सा विभाग कार्रवाई कर रहा है। संयुक्त निदेशक चौधरी ने बताया कि ये ही कार्रवाई आज ही हनुमानगढ़ में स्थित इसी अस्पताल पर की जा रही है।















