NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले के कुल 2 लाख 57 हजार 303 पेंशनरों में से अब भी 30 हजार से अधिक पेंशनर्स ने अपना भौतिक सत्यापन अब तक नहीं करवाया है। विभाग का कहना है कि समय से सत्यापन नहीं करने वाले पेंशनर्स का भुगतान रोका जा सकता है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग संयुक्त निदेशक एल. डी. पंवार ने बताया कि जिले में कुल 2,57,303 पेंशनर्स सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इनमें 1,84,318 वृद्धजन पेंशनर्स, 56,817 विधवा पेंशनर्स, 15,363 विशेष योग्यजन पेंशनर्स तथा 805 कृषक वृद्धजन पेंशनर्स शामिल हैं। इनमें से अब तक 2,26,750 (88.13 प्रतिशत) पेंशनर्स द्वारा वार्षिक भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है, जबकि 30,552 पेंशनर्स अभी शेष हैं, जो 31 मार्च 2026 तक सत्यापन करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत जिले के सभी पात्र पेंशनर्स को 31 मार्च तक अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि तक सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में पेंशन का भुगतान निदेशालय स्तर से रोका जा सकता है।


