NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिले के एक लाख से अधिक घरों में अब भी नल का जल नहीं पहुंच सका है। जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत बीकानेर जिले में बीकानेर जिले में हर घर जल के 2 लाख 34 हजार 973 कनेक्शन देने के लक्ष्य के विरुद्ध फरवरी 2026 तक 1 लाख 34 हजार 773 कनेक्शन ही किए जा सके हैं। यह आंकड़ा कुल लक्ष्य का 57.35 प्रतिशत बनता है।
पता चला कि अब तक भी जिले के 1 लाख 200 घरों को नल कनेक्शन का इंतजार है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि स्वीकृत 170 योजनाओं में से 110 योजनाओं के 166 गांवों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। 350 गांवों में कार्य प्रगति पर बताए जा रहे हैं। मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बने अनेक उच्च जलाशय (ओएचटी) निर्माण के तीन साल बाद भी उपयोग में नहीं लिए जा सके हैं।
कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में हुई जेजेएम की समीक्षा बैठक
वहीं मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में हुई जेजेएम की समीक्षा बैठक में परियोजना खंड के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि 4 योजनाओं के 221 गांवों में कार्य प्रगति पर है तथा 2 योजनाओं के 124 गांवों में कार्य पूर्ण हो चुका है। बैठक में बताया गया कि जिले के 40 ग्राम पंचायत भवनों, 28 स्वास्थ्य केंद्रों 10 सामुदायिक केंद्रों, 05 आश्रमशालाओं तथा 03 सरकारी भवनों में अब तक नल जल कनेक्शन से जोड़ा नहीं जा सका है।
इसी प्रकार 817 ग्रामीण राजकीय विद्यालयों तथा 37 आंगनबाड़ी केंद्रों में को भी अब तक नल जल कनेक्शन से लाभान्वित नहीं किया जा सका है। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सचिव, अधीक्षण अभियंता राजेश पूनिया ने बताया कि जिले की 24 ग्राम पंचायतों के 48 गांव जल सेवा आकलन के लिए चिन्हित हैं, जिनमें से 14 ग्राम पंचायतों के 26 गांवों का आकलन कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है।
सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए
जिला कलक्टर ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिए कि उच्च जलाशयों के निर्माण और पाइपलाइन में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी उच्च जलाशय या होद से पानी ओवरफ्लो न हो।
बैठक में अधीक्षण अभियंता जिला वृत्त बीकानेर राजेश पूनिया, अधीक्षण अभियंता नगर वृत्त खेमचंद सिंगारिया, अधिशाषी अभियंता कोलायत धर्मेंद्र कुमावत, सहायक अभियंता आदित्य श्रीमाली, संदीप यादव, साक्षी चाहर तथा पुलकित शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


