BIKANER समाचार 08 MARCH 2023 बुधवार,

बीकानेर में सिर चढ़कर बोली होली की मस्‍ती

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)BIKANER समाचार 08 MARCH 2023 बुधवार, पांच प्राचीन और प्रमुख दरवाजों के बीच बसे शहर बीकानेर में इस बार होली की रंगत परवान पर रही। शहर के बाहरी इलाकों व कॉलोनियों में भी लोगों ने जमकर होली खेली मगर होली की परंपराओं को निभाने में परकोटे के बीच बसा शहर सबके आकर्षण का केन्‍द्र रहा।

शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्‍ला ने होली पर विभिन्‍न मोहल्‍ला का भ्रमण किया। उन्‍होंने चंग बजाते हुए होली गीत भी गाए। होली के दिन युवकों, बुजुर्गों सहित महिलाओं व परिवारवालों की टोलियां सुबह सवेरे से ही सड़कों पर उतर चुकी थी। दोपहर ढाई तीन बजे नत्‍थूसर गेट पर जोशी परिवार द्वारा तणी तोड़ने की रस्‍म के दौरान पूरा चौराहा होली के रसियों से लबालब भरा हुआ था।

हर ओर रंग-बिरंगे चेहरों और रंगों से सने हुए परिधानों में नजर आए। हजारों की संख्‍या में लोगों ने होली गीत गाकर माहोल को और अधिक उत्‍सवी बना दिया। होली के दिन शाम को मौसम बदलने तक शहर की प्रमुख सड़कों और गलियों में दुकानों के आगे जमा बैठे लोग दिखाई दिये। होली के रंगों के साथ ही शहर में व्यास, हर्ष व आचार्य जातियों की पारंपरिक गेवर निकालने का सिलसिला शुरू हुआ।

होली की एक विशेष परंपरा के तहत ही हर्षों के चौक से इस बार भी प्रतीकात्‍मक हर्ष दुल्‍हे की बारात निकाली गई यह बारात व्‍यासों के घर तक पहुंची। व्‍यास परिवार की महिलाओं ने हर्ष परिवार से आए दूल्हे का जोरदार स्वागत किया। दूल्हे को पोखने की परंपरा निभाई गई। हर्षों के चौक से बारात केसरियो लाडो जीवतो रेवे गीत के साथ निकली। कीकाणी व्यासों का चौक, लालाणी व्यासों का नृसिंह चौक आदि क्षेत्रों में बाराता का स्‍वागत सत्‍कार किया गया।

शिक्षा मंत्री डॉ. कल्‍ला ने होली पर शहरवासियों से की राम-राम

शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने बुधवार को डागा चौक स्थित विधायक सेवा केन्द्र में शहरवासियों से मुलाकात की और होली की शुभकामनाएं दी, राम राम कहा।  इस दौरान डॉ. कल्ला ने कहा कि होली का त्यौहार आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बीकानेर का आपसी सद्भाव पूरे देश के लिए मिसाल है।

युवा पीढ़ी इसे बरकरार रखे। इस दौरान दृष्टि बिस्सा ने डॉ. कल्ला को स्वयं द्वारा बनाई गई तस्वीर भेंट की। इस अवसर पर जनार्दन कल्ला, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मकसूद अहमद, बंशी लाल आचार्य सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

तीज त्योहार बढ़ाते है आपसी प्रेम और सौहार्द: ऊर्जा मंत्री

ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बुधवार को विद्युत निगम के विश्राम गृह में होली स्नेह मिलन समारोह में बड़ी संख्या में आमजन से मुलाकात की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि होली का त्यौहार भाईचारे का प्रतीक है।

यह आमजन में आपसी स्नेह और सद्भाव बढ़ाता है। मंत्री भाटी ने कहा क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इनका लाभ मिले, ग्रामीण जन प्रतिनिधि इस दिशा में समन्वित प्रयास करें।

छंटनी के विरोध में होली पर भी जारी रहा क्रमिक अनशन

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में कार्मिकों की हुई छंटनी के विरोध में यूआईटी के पूर्व चैयरमेन व भाजपा नेता महावीर रांका तथा उनके समर्थकों की ओर से शुरू किया गया क्रमिक अनशन होली के दिन भी जारी रहा। अनेक समर्थकों ने धरने के समर्थन में होली का त्‍योहार भी नहीं मनाया।

रांका का यह विरोध प्रदर्शन व क्रमिक अनशन पिछले एक माह से लगातार जारी है मगर सरकार व कॉलेज प्रशासन ने इस संबंध में अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। भाजपा नेता रांका ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर प्रशासन ने वर्ष 2018 में नियुक्ति पाने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था।

कॉलेज प्रशासन के इस कदम के विरोध में विरोध जारी है। रांका के इस विरोध प्रदर्शन का स्‍थानीय भाजपा नेताओं ने भी समर्थन दिया हुआ है। नोखा से भाजपा विधायक बिहारी लाल बिश्नोई ने इस संबंध में विधानसभा में भी सरकार से सवाल किया है। भाजपा शहर अध्यक्ष विजय आचार्य और देहात अध्यक्ष जालम सिंह भाटी ने भी धरने के बहाने गहलोत सरकार की नीतियों का जमकर विरोध किया।

इन नेताओं का कहना रहा कि अदालत के आदेशों की पालना नहीं करके सरकार गलत काम कर रही है। जानकारी में रहे कि इस मामले में महावीर रांका के कोर्ट जाने के बाद हाईकोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से 20 मार्च तक जवाब मांगा है।

भाजपा नेता द्वारा कलेक्‍ट्रेट के सामने दिये जा रहे धरने के दौरान अब तक क्रमिक अनशन, गिरफतारी, मुंह पर ताला लगाकर प्रदर्शन करने के साथ ही खून से सरकार को पत्र भी लिखे गए।

आग की चपेट में आया रेस्टोरेंट, दो की मौत, लाखों का माल हुआ तबाह

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)जयपुर रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट खंडेलवाल स्‍वीटस में सोमवार-मंगलवार की आधीरात को लगभग दो बजे आग लगने से रेस्‍टोरेंट में सो रहे दो कर्मचारियों 24 वर्षीय धन्‍ने सिंह व 23 वर्षीय राकेश मंडल की मौत हो गई। इस अग्निकांड में रेस्‍टोरेंट का लाखों रुपए का सामान खाक हो गया।

दुर्घटना में मौत का शिकार हुए दो युवकों में एक बिहार में फुलवारी क्षेत्र निवासी राकेश मंडल पुत्र हरिकृष्ण तथा दूसरा बीकानेर जिले की कोलायत तहसील के नया गांव का निवासी धन्‍ने सिंह पुत्र गेन सिंह थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर एक दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाडि़या मौके पर पहुंची।

मंगलवार सुबह लगभग  साढ़े छह बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। हादसे की जगह से पुलिस ने दोनों युवकों के शव बरामद किए। मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र हरे कृष्ण निवासी पटना बिहार और धने सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी नया गांव कोलायत के रूप में हुई है।

व्‍यास कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार अभी ये स्पष्ट नहीं है कि आग कैसे लगी मगर प्रथम दृष्ट्या माना जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट रहा होगा। थानाधिकारी महावीर प्रसाद ने मीडिया से बातचीत में बताया कि रेस्‍टोरेंट की दो मंजिला इमारत में पहले ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी, इसके बाद फर्स्ट फ्लोर पर आग पहुंची। दोनों कार्मिक फर्स्ट फ्लोर पर ही सो रहे थे।

वहीं इस हादसे का शिकार हुए दोनों यवुकों के परिजन पीबीएम अस्‍पताल की मोर्चरी के सामने धरने पर बैठे और सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने इस मामले में म्रतक धन्‍ने सिंह के भाई अचल सिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।

देशनोक में सिलेंडर फटने से छह घायल

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)देशनोक थाना क्षेत्र के एक मकान में मंगलवार की रात को एलपीजी गैस के सिलेंडर के फटने से जेठाराम, सीताराम, लक्ष्मी, भैरू व गुड्‌डी सहित एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए।

जेठाराम सहित दो घायलों की स्थिति नाजुक है। दोनों घायलों का इलाज बीकानेर के पीबीएम अस्‍पताल व एक अन्‍य घायल का देशनोक के अस्‍पताल में इलाज किया जा रहा है। बाकी तीन घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इस दुर्घटना में घर भी क्षतिग्रस्‍त हो गया है।

जानकारी के अनुसार देशनोक के वार्ड संख्या 21 निवासी जेठाराम लुहार के घर पर महिला खाना पका रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया। अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर लोग एकत्र हुए और घायलों को देशनोक अस्पताल पहुंचाया।

हादसे का पता चलने पर देशनोक नगर पालिका के अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंदडा और पार्षद लक्ष्मणदान चारण ने घायलों के हालचाल की जानकारी ली।

देशनोक सीएचसी में फिर शुरू होंगी सोनोग्राफी सेवाएं

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देशनोक पर सोनोग्राफी व एक्सरे की सेवाएं पुनः शुरू होने जा रही हैं। मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मोहम्मद अबरार पंवार ने ने बताया कि सीएचसी पर कार्यरत प्रशिक्षित चिकित्सक डॉ लोकेंद्र सिंह का पीजी में चयन होने के पश्चात यहां सोनोग्राफी की सेवाएं बंद हो गई थी।

उन्‍होंने बताया कि हाल ही में जारी हुई चिकित्सकों की नई पदस्थापन सूची में जिले को पर्याप्त संख्या में चिकित्सक मिल गए हैं और सीएचसी देशनोक पर पदस्थापित सोनोलॉजिस्ट डॉ. विजयंत निर्वाण सोनोग्राफी सेवाओं को पुनः सुचारु करेंगे।

बीकानेर की अंजुमन आरा का हरियाणा में हुआ सम्मान  

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)बीकानेर की लेखिका और समाजसेविका अंजुमन आरा कादरी को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए हरियाणा के करनाल शहर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।

एंटी करप्शन फाउंडेशन करनाल हरियाणा के स्थापना दिवस पर हुए समारोह में मुख्य अतिथि फिल्म अभिनेता अरबाज खान ने अंजुमन आरा को सम्‍मानित किया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष  नरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि अंजुमन आरा के आलेख , कहानियां और कविताएं प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती है।

छतरगढ़़ कॉलेज छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन

NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)छतरगढ़़ के सिंचाई विभाग परिसर में संचालित राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने किया।

कार्यक्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष उर्मिला कूकणा, प्राचार्य अशोक कुमार, सह प्राचार्य कल्पना चौधरी, पार्वती गोदारा, राजेंद्र मूंड, उपखंड अधिकारी राजेंद्र कुमार, तहसीलदार दिप्ती, नायब तहसीलदार राजेश शर्मा, थानाधिकारी जयकुमार भादू, खाजूवाला बीसीएमओ डॉ. मुकेश कुमार मीणा, शिवकुमार सहित

नन्दराम जाखड़, मुखरम धतरवाल, क्यामुदिन पडिहार, रामेश्वरलाल गोदारा, महावीर बेनीवाल, भूदान ग्राम दान बोर्ड सदस्य छगनलाल मेघवाल, आवा सरपंच प्रभु दयाल सारण, महादेववाली सरपंच मनसाराम सियाग, एक केएम सरपंच हसन अली मौलवी आदि मौजूद रहे।