Samachar Seva

Mission Patrkarita

बीकानेर मंडल में 27 अक्टूबर से आरक्षित टिकटों पर मिलेगा यात्रा बीमा

नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर मंडल में 27 अक्टूबर से आरक्षित टिकटों पर मिलेगा यात्रा बीमा, रेलवे की वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना (OTIS) 27 अक्टूबर 2026 से आरक्षण काउंटरों से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए भी लागू होगी। अब तक यह सुविधा ई-टिकट यात्रियों के लिए उपलब्ध थी।

45 पैसे में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी के अनुसार, योजना के तहत 45 पैसे के प्रीमियम पर मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता पर 7.5 लाख और स्थायी आंशिक दिव्यांगता पर 2 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा। अस्पताल में भर्ती होने पर चोट के उपचार के लिए 10 हजार रुपए तक का लाभ भी निर्धारित शर्तों के अनुसार मिल सकेगा।

बीमा लेना पूरी तरह स्वैच्छिक

बीमा लेना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा। इच्छुक यात्रियों को वैध मोबाइल नंबर देना होगा तथा प्रीमियम का भुगतान टिकट किराये के साथ डिजिटल माध्यम से करना होगा। बीकानेर मंडल के आरक्षण कार्यालयों और UTS-cum-PRS केंद्रों पर योजना के प्रचार एवं क्रियान्वयन की तैयारियां की जा रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से टिकट बुक कराते समय इस सुविधा की जानकारी लेकर अपनी इच्छा के अनुसार विकल्प चुनने की अपील की है।