नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर रेलवे स्टेशन के सामने चार महीने से तिरंगा गायब, बीकानेर जंक्शन रेलवे स्टेशन के सामने मुरलीधर जी की मूर्ति के पास स्थित ऊंचे पोल से पिछले चार महीने से तिरंगा गायब होने पर वन्दे मातरम् टीम ने नाराजगी जताई है। टीम ने रेलवे अधिकारियों से तिरंगा दोबारा लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि 7 से 10 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बीकानेर स्थित डीआरएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। टीम की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्टेशन के सामने ऊंचे पोल पर पहले तिरंगा लहराता था, लेकिन पिछले चार महीने से वहां ध्वज नहीं है।
इस संबंध में टीम के प्रतिनिधिमंडल ने 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे स्टेशन मास्टर गजे सिंह से मुलाकात की। विज्ञप्ति के मुताबिक, स्टेशन मास्टर ने बताया कि रेलवे स्टेशन की व्यवस्था एक कंपनी को सौंपी गई है और संभव है कि तिरंगा उसी ने उतारा हो। उन्होंने इस मामले में अपनी असमर्थता जताते हुए प्रतिनिधिमंडल को डीआरएम और एडीआरएम से संपर्क करने की सलाह दी।
एडीआरएम ने जांच कर जानकारी देने की बात कही
टीम के विजय कोचर ने अन्य रेलवे जंक्शनों का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले दो महीनों में उन्होंने 20 जंक्शनों का दौरा किया, लेकिन कहीं भी निर्माण कार्य के चलते तिरंगा उतरा हुआ नहीं देखा। उन्होंने हरिद्वार जंक्शन पर लहराते तिरंगे का फोटो भी दिखाया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एडीआरएम आर.एस. चौधरी से फोन पर बात की। विज्ञप्ति के अनुसार, चौधरी ने मामले की जानकारी लेकर बताने की बात कही। वहीं, डीआरएम के जयपुर में बैठक में होने की जानकारी दी गई।
वन्दे मातरम् टीम ने दी घेराव की चेतावनी
वन्दे मातरम् टीम के विजय कोचर और नरसिंह भाटी ने मांग की है कि संबंधित कंपनी या रेलवे प्रशासन एक सप्ताह के भीतर बीकानेर जंक्शन के सामने तिरंगा दोबारा लगवाए। टीम ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ता डीआरएम कार्यालय, बीकानेर का घेराव कर जवाब मांगेंगे।
















