उषा जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर में पुलिस का बड़ा प्रिवेंटिव एक्शन, 250 से अधिक चालान काटे, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बीकानेर पुलिस ने व्यापक स्तर पर प्रिवेंटिव एक्शन अभियान चलाया। आईजी ओमप्रकाश के निर्देश पर हथियारबंद ए श्रेणी की नाकाबंदी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर पुराने मामलों में चालानशुदा अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की भी धरपकड़ एवं निगरानी की गई।
26 वाहन जब्त, 40 के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई

पुलिस की नाकाबंदी के दौरान काले शीशे लगे वाहनों, बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक चालान काटे गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 26 वाहन जब्त किए गए तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा विभिन्न मामलों में कई लोगों को पाबंद भी किया गया।
79 हिस्ट्रीशीटरों से की पूछताछ

अभियान के दूसरे चरण में जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुराने मुकदमों में चालानशुदा आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इसके तहत कुल 79 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई। इनमें से 40 के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने गत रात्रि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। इस दौरान 26 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 60 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की नाकाबंदी और प्रिवेंटिव कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















