नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। ‘Belonging: A Journey of Love’ सोनिया जी के जीवन के संघर्ष समझने का माध्यम–डॉ. कल्ला, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ सोनिया जी के जीवन के अनुभवों, भावनाओं, संघर्षों और रिश्तों की गहराई को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में सोनिया गांधी के योगदान और उनके सार्वजनिक जीवन की यात्रा को पढ़ना तथा समझना प्रेरणादायक है।

‘Belonging: A Journey of Love’ is a means to understand the struggles in Sonia-ji’s life – Dr. Kalla
पूर्व मंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी की जीवन यात्रा से यह सीख मिलती है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। डॉ. कल्ला ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के सार्वजनिक जीवन, राजनीतिक संघर्ष और उनके विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा है कि सोनिया गांधी के जीवन और विचारों को समझना केवल उनकी राजनीतिक यात्रा को जानना नहीं है, बल्कि त्याग, धैर्य, समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को समझना भी है।
सोनिया जी ने देखे अनेक उतार-चढ़ाव
पूर्व मंत्री डॉ. कल्ला ने कहा कि भारतीय राजनीति में सोनिया गांधी ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे और कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद वे अपने सिद्धांतों और विचारधारा के प्रति सदैव दृढ़ रहीं। उनका सार्वजनिक जीवन इस बात का उदाहरण है कि राजनीतिक क्षेत्र में चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों के बीच भी वैचारिक प्रतिबद्धता तथा धैर्य बनाए रखना कितना महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक जीवन में विचारधारा, सिद्धांत और जनसेवा के प्रति समर्पण का विशेष महत्व है।
संविधान के प्रति प्रतिबद्ध रहने की परंपरा
डॉ. कल्ला ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक विरासत संघर्ष से सीखने, विचारों से शक्ति प्राप्त करने और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध रहने की परंपरा पर आधारित है। सोनिया गांधी का जीवन इन मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करता है। पूर्व मंत्री डॉ. कल्ला के अनुसार, संघर्ष से सीख, विचारों से शक्ति और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता ही कांग्रेस की मूल विरासत है। नई पीढ़ी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी, समर्पण और लोकतांत्रिक आदर्शों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
















