MAHENDRA SIINGH SHEKHAWAT बीकानेर, (समाचार सेवा)। संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में बीकानेर की अदिति अरोड़ा ने चौथे प्रयास में 351वीं रैंक से सफलता प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। व्यवसायी पिता और गृहिणी माता की संतान अदिति का कहना है कि सफलता के लिए सबसे जरूरी है सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास।
उन्होंने बताया कि अपने अभिभावकों की सलाह मानते हुए उन्होंने हमेशा सकारात्मक बने रहने और पूरी शिद्दत के साथ तैयारी करने पर ध्यान दिया। अदिति मानती हैं कि यही सफलता की पहली सीढ़ी है। अदिति के मन में शुरू से ही यह दृढ़ विश्वास था कि वह जीवन में कुछ ऐसा अवश्य करेंगी जिससे परिवार का नाम रोशन हो सके। इसी संकल्प और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने सिविल सेवा जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की। अदिति का कहना है कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं होता, बशर्ते व्यक्ति पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़े।
सोशल मीडिया का उपयोग संतुलित ढंग से
उन्होंने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग संतुलित ढंग से करना चाहिए और जीवन में बड़ों के मार्गदर्शन को हमेशा महत्व देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी भी निराश नहीं होना चाहिए। कठिन समय या निराशा के दौर में परिवार और परिजनों के साथ संपर्क बनाए रखना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि वही व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखते हैं। अपनी सफलता का श्रेय अदिति ने अपने माता-पिता, भाई और शिक्षकों को दिया है।
उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। अदिति अरोड़ा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में आगे बढ़ें।


