बीकानेर, (समाचार सेवा)। मुख्यमंत्री जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों पर गंभीरता नहीं बरतने तथा लम्बे समय तक आमजन की शिकायतों का जवाब नहीं देने वाले जिले के विभिन्न विभागों के 10 अधिकारियों को 16 सीसी के नोटिस जारी किए जाएंगे। कलक्टर कुमार पाल गौतम ने इन सभी अधिकारियों को नोटिस देने को कहा है।

इन लापरवाह अधिकारियों में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के सह प्राचार्य एल. ए. गौरी, पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक पी. के. बेरवाल, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक जी. के. शर्मा, हाउसिंग बोर्ड के उपायुक्त ज्ञानेश्वर व्यास, खनन विभाग के सहायक खनिज अभियंता, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता अशोक गोयल, हॉर्टीकल्चर विभाग के सहायक निदेशक राजकुमार कुल्हरी शामिल हैं।

कलक्टर गौतम ने कहा कि इन प्रकरणों में जो भी दोषी है उनके विरुद्ध सुनिश्चित तरीके से कायवाही की जाएगी। साथ ही इस कार्यवाही की एक प्रति मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी जाएगी। गौतम ने कहा कि सम्पर्क पोर्टल सहित विभिन्न प्लेटफार्म पर एक-एक साल से मामले लंबित हैं। प्रार्थी संतुष्टि के स्तर पर बीकानेर का प्रदर्शन खराब है। बकाया प्रकरणों में भी बीकानेर का प्रदर्शन अच्छा नहीं है।

कलेक्टर ने बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

















