NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। विश्व आदिवासी दिवस पर शनिवार को कलेक्ट्रेट के सामने कर्मचारी मैदान में आयोजित समारोह में समाज की प्रतिभाओं व रिटायर्ड कार्मिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में आदिवासियों के महानायक बिरसा मुंडा एवं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प वर्षा करके उनके द्वारा दिए योगदान व बलिदान को याद किया गया।
मीणा समाज अधिकारी कर्मचारी संयुक्त महासंघ समस्त विभाग बीकानेर की ओर से आयोजित समारोह के दौरान “सामाजिक वैचारिक संगोष्ठी, पौधारोपण तथा सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। सामाजिक वैचारिक संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी पर्यावरण संरक्षण, ईमानदारी के गुण समाज में सदभाव और बंधुत्व का संदेश देते हैं। साथ ही कहा कि संस्कृति के संरक्षण से चरित्रवान समाज बनेगा जिससे अनुशासन युक्त राष्ट्रवादी समाज का निर्माण होगा।
अतिथियों ने दिया संबोधन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर के सहायक आयुक्त धर्मेंद्र उपाध्याय, विशिष्ट अतिथि सहायक महाप्रबंधक नाल एयरपोर्ट प्रेम राज मीणा, पूर्व तहसीलदार मदन लाल मीणा, पूर्व कार्यालय अधीक्षक बीएसएनएल शिव दयाल मीणा, अजा जजा एवं पिछड़ी जाति अधिकारी कर्मचारी संयुक्त महासंघ के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर विश्नोई, जिलाध्यक्ष जयपाल मीणा रहे।
जागृत होकर करेंगे पुरजोर विरोध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासभा के संयोजक मोहर सिंह सलावद ने कहा कि आए दिन आदिवासी समुदाय के साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार, शोषण तथा मौलिक एवं संवैधानिक अधिकारों के हनन के विरूद्ध संगठित, जागृत होकर पुरजोर विरोध किया जाएं। उन्होंने कहा कि समाज के हर बच्चे को शिक्षित, संस्कारित कर सुरक्षा सहयोग प्रदान करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें एवं सभी विभागों में बनने वाली समितियों में आदिवासी समुदाय के एक कार्मिक को शामिल करते हुए रोस्टर रजिस्टर संधारित हो। सलावद ने कहा कि जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाया जाएं।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जयपाल मीणा, सहायक आयकर आयुक्त धर्मेंद्र उपाध्याय, प्रेमराज मीणा, रामनिवास मीणा, मदनलाल मीणा, बाबूलाल मीणा, मान राज, संतोष मीणा, मुकेश कुमार मीना, कन्हैया लाल मीणा, राम कल्याण मीणा, योगेश कुमार मीना, उम्मेदीलाल मीणा, रंजीत कुमार मीना, सीताराम डूडी, पवन शर्मा, हनुमान प्रसाद शर्मा, संजीव कुमार यादव, पवन कुमार,एसएस शर्मा आदि उपस्थित रहे।


