नीरज जोशी, बीकानेर, (समाचार सेवा)। बीकानेर में SI/प्लाटून कमांडर पुनः परीक्षा रविवार को, 13,584 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, राजस्थान लोक सेवा आयोग की उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 रविवार को जिले के 47 परीक्षा केन्द्रों पर दो पारियों में होगी। पहली पारी में सुबह 10 से 12 बजे तक सामान्य हिन्दी तथा दूसरी पारी में दोपहर 3 से 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का प्रश्न-पत्र होगा।
परीक्षा के लिए 13,584 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा में 1,132 वीक्षक, 65 ऑब्जर्वर, 16 उपसमन्वयक तथा 8 उड़नदस्ते तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र पर दो वीडियोग्राफर रहेंगे और प्रश्नपत्रों की पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रीना ने बताया कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले वीक्षकों व अन्य कार्मिकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पूर्व तक ही दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को नवीनतम मूल आधार कार्ड अथवा निर्धारित फोटो पहचान-पत्र साथ लाना होगा। सुरक्षा जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान प्रक्रिया को देखते हुए अभ्यर्थियों को करीब दो घंटे पहले केन्द्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केन्द्रों पर करेक्शन पेन, व्हाइटनर, घड़ी, बैल्ट, हैंडबैग, धूप का चश्मा, कैप, स्कार्फ सहित कई वस्तुओं पर प्रतिबंध रहेगा। पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित साधारण वेशभूषा में आने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए जिला मुख्यालय का नियंत्रण कक्ष 0151-2226031 चालू किया गया है।
















