Loading Now

updates

धोखाधड़ी, गुमशुदगी और मारपीट के अलग-अलग मामले दर्ज

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिले में पुलिस ने पिछले 24 घंटों में धोखाधड़ी, गुमशुदगी और मारपीट के अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। मुक्ताप्रसाद नगर में जहां कर्ज चुकाने के बावजूद झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है, वहीं जेएनवीसी इलाके से एक 17 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। इसके अलावा नाल थाना क्षेत्र में एक युवक और उसके साथियों के साथ मारपीट की घटना हुई है। सभी मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 हजार का लोन चुकाया, फिर भी झूठे मुकदमे की दे रहे धमकी

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)।  मुक्ताप्रसाद नगर (एमपी नगर) पुलिस थाने में रामपुरा बस्ती, गली नंबर 18 निवासी राधा देवी पत्नी विनोद कुमार ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने एसपी को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने साल 2016 में आरोपियों से 20,000 रुपये का लोन लिया था, जिसे वह चुका चुकी है। इसके बावजूद आरोपी विश्नादेवी, घनश्याम और मनोज (निवासी मुक्ताप्रसाद नगर) उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर और पैसे हड़पना चाहते हैं। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर आईपीसी की धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल लाखाराम को सौंपी है।

आर्मी गेट के पास से 17 साल का किशोर लापता

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जेएनवीसी (JNVC) थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर के घर से बिना बताए चले जाने का मामला सामने आया है। मूल रूप से काकनिया बेरासर (जसरासर) निवासी और हाल आर्मी गेट के सामने किरायेदार के रूप में रह रहे सुगनाराम जाट ने पुलिस को बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा प्रेमचन्द भादू 23 जून की दोपहर करीब 2 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। काफी तलाशने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। जेएनवीसी थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अशोक कर रहे हैं।

करमीसर में गुटों में मारपीट, 6-7 लोगों पर केस दर्ज

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। नाल पुलिस थाने में सुजानदेसर (गंगाशहर) निवासी धनपत गहलोत (36) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि करमीसर में आरोपी रमजान और उसके 5-6 अन्य साथियों ने मिलकर परिवादी और उसके सहयोगियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), और 191(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल भूराराम को सौंपी गई है।

 

Share this content:

You May Have Missed