पुष्करणा ब्राह्मण सामुहिक विवाह-2022 (पुष्करणा ओलम्पिक) संपन्‍न

बीकानेर, (समाचार सेवा)। पुष्करणा ब्राह्मण सामुहिक विवाह-2022 (पुष्करणा ओलम्पिक), श्री पुष्टिकर ब्राह्मण सामूहिक सावा व्यवस्था समिति द्वारा पुष्करणा ओलम्पिक सावे के दिन शुक्रवार शाम मोहता चौक मुख्य मंच पर प्रथम तीन विष्णु रूपी दूल्हों का सम्मान किया गया।

स्व.शंकरलाल हर्ष की स्मृति में प्रथम दूल्हा अभिषेक रंगा को 11 हजार रूपए, द्वितीय दूल्हे दीपक को 7100 व तृतीय दूल्हा विकास ओझा को 5100 राशि के साथ स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं संत लाल बाबा जी की स्मृति में और राष्‍ट्रीय पुष्करणा यूथ सामाजिक संस्थान द्वारा भी पुरस्कार वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ.बी.डी.कल्ला व जुगलकिशोर ओझा पुजारी बाबा ने दूल्हों को स्मृति चिह्न व नगद राशि प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा विवाह के पारम्परिक गीत गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समिति के अध्यक्ष ओंकारनाथ हर्ष, दिलीप जोशी, श्रीनारायण आचार्य, बलदेव व्यास, शंकर पुरोहित, रूपकिशोर व्यास, नरेन्द्र आचार्य, डॉ.एस.एन.हर्ष, सुरेन्द्र व्यास, सत्यनारायण किराड़ू, पवन पुरोहित, अभिषेक, शैलेष व नितेश हर्ष द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

डॉ.कल्ला ने कहा कि स्व.शंकरलाल हर्ष द्वारा 57 वर्षों से अनवरत जारी यह कार्यक्रम समाज के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत है। डॉ. कल्ला ने बताया कि उन्होंने खुद अपनी शादी में विष्णु रूप में दूल्हा बनकर शादी की थी।

कल्ला ने कहा कि युवाओं को आगे आकर समाज की इस पहल में भागीदारी करनी चाहिए और सादगीपूर्ण शादी करने की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में ट्रैफिक इंचार्ज कासिम अली का भी सम्मान संस्थान द्वारा किया गया।

मूछ किंग गिरधर व्यास ने अपनी मूछों का प्रदर्शन करने पर संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन ज्योतिप्रकाश रंगा ने किया।