Samachar Seva

Mission Patrkarita

नोखा थाना-चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो आरोपी पंकज व नवनीत गिरफ्तार

Nokha Police Station Two accused, Pankaj and Navneet, arrested for purchasing stolen jewelry.

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। नोखा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो आरोपियों पंकज पुरी व नवनीत सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद किया है। मामले में अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार परिवादी गणेश पुत्र खेमाराम जाट निवासी जम्भोजी मंदिर के पास, नोखा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह इस वर्ष 23 मार्च को परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी दौरान घर पर मौजूद उसके पुत्र को नशीला पदार्थ खिलाकर अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।  थाना प्रभारी अरविन्द कुमार भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध कर संप्रेषण गृह भिजवाया। साथ ही चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी व पुलिस टीम

पकड़े गए आरोपियों में पंकज पुरी पुत्र नन्दकिशोर पुरी (38 वर्ष) सुनारों की बगीची के पास बागीनाड़ा बीकानेर तथा नवनीत सोनी पुत्र नन्दकिशोर सोनी (26) निवासी वार्ड संख्या 22 आरके पुरम, अगूणा बास नोखा शा‍मिल है। पुलिस कार्रवाई में थानाधिकारी अरविन्द कुमार भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक हरिराम, कांस्टेबल पवन सिंह, राजेश तथा कृष्ण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।