डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय ने मारी बाजी,
NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा केन्द्रीय विद्यालयों के लिए आयोजित 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025–26) के पुरस्कार वितरण समारोह का आज नई दिल्ली में भव्य आयोजन हुआ। संसद भवन परिसर के संसद पुस्तकालय भवन स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय, राष्ट्रपति एस्टेट, नई दिल्ली ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल रनिंग पार्लियामेंटरी शील्ड‘ और राष्ट्रीय ट्रॉफी अपने नाम की।

National Youth Parliament Competition Union Minister Arjun Ram Meghwal distributes awards.
मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह
समारोह की अध्यक्षता संसदीय कार्य मंत्रालय में विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने की। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों और केन्द्रीय विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान किए। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने स्कूली स्तर पर संसदीय प्रक्रियाओं की गहरी समझ और उसके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों की जमकर तारीफ की। इस अवसर पर प्रथम पुरस्कार विजेता डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने “युवा संसद” का शानदार जीवंत मंचन (पुनः प्रस्तुति) किया, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का मन मोह लिया।

National Youth Parliament Competition Union Minister Arjun Ram Meghwal distributes awards.1
250-300 विद्यालयों तक होगा योजना का विस्तार
संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव निकुंज बिहारी ढल ने छात्रों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए विभाग की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। ढल ने बताया कि वर्तमान में इस योजना के तहत हर साल लगभग 200 केन्द्रीय विद्यालय हिस्सा लेते हैं, लेकिन मंत्रालय भविष्य में इस भागीदारी को बढ़ाकर 250 से 300 केन्द्रीय विद्यालयों तक विस्तारित करने का प्रयास कर रहा है।
अतिथियों और प्रतिभागियों का औपचारिक स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में संसदीय कार्य मंत्रालय की अपर सचिव डॉ. सत्या प्रकाश ने अतिथियों और प्रतिभागियों का औपचारिक स्वागत किया। वहीं, केंद्रीय विद्यालय संगठन की अपर आयुक्त (शैक्षणिक) सुश्री चंदना मंडल ने युवा संसद कार्यक्रम को युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के लिए एक उत्कृष्ट पहल करार दिया।
25 क्षेत्रों के 200 विद्यालयों के बीच हुई कड़ी टक्कर
गौरतलब है कि इस वर्ष यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता देशभर के 25 अलग-अलग क्षेत्रों में फैले 200 केन्द्रीय विद्यालयों के बीच आयोजित की गई थी। इसमें क्षेत्रीय स्तर के विजेताओं ने जोनल और फिर राष्ट्रीय स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा की।
इन विद्यालयों ने जीती जोनल विजेता ट्रॉफी:
पश्चिम क्षेत्र: केन्द्रीय विद्यालय, मथुरा कैंट, मथुरा, उत्तर प्रदेश (आगरा क्षेत्र), दक्षिण क्षेत्र: पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नं. 1, एएफएस, मदुरै (चेन्नई क्षेत्र), मध्य क्षेत्र: पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नं. 2, शिवाजी नगर, भोपाल (भोपाल क्षेत्र), पूर्व क्षेत्र: पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, वायुसेना स्टेशन, बोरझार, गुवाहाटी (गुवाहाटी क्षेत्र), इसके अतिरिक्त, अपने-अपने रीजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 क्षेत्रीय विजेता विद्यालयों को भी ‘क्षेत्रीय विजेता ट्रॉफियां’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।















