NEERAJ JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को नाल बड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारम्भ किया। मेघवाल ने बताया कि नाल बड़ी के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया गया है। वर्तमान में यह इसी भवन में संचालित होगा।
शीघ्र ही नॉर्म्स के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन बनेगा। इसके नए भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। भूमि चिन्हित कर अत्याधुनिक भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने नाल बड़ी में एक ट्यूबवेल बनवाने की घोषणा भी की। साथ ही एयरफोर्स के कुएं से नाल बड़ी को मीठा पेयजल उपलब्ध करवाने की दिशा में अगले 15 दिनों में सकारात्मक कार्रवाई का विश्वास दिलाया।
मेघवाल ने गांव के भोमियाजी मंदिर के विकास, यहां अलग से बालिका विद्यालय खुलवाने तथा तालाब के सुदृढ़ीकरण के लिए सीएसआर के तहत कार्य करवाने का विश्वास दिलाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मेघवाल और खाजूवाला विधायक ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत स्काई बर्ड से पृथ्वीराज सर्किल होते हुए पुराना पटवारघर होते हुए मैन हाइवे एनएच-11 तक बने अटल प्रगति पथ का लोकार्पण किया।
















