मैने तो कान बंद कर लिये हैं : राजे

6BKN PH-4
बीकानेर में नोखा के मुकाम में सीएम राजे, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम, बिहारी बिश्नोई।

बीकानेर में सीएम वसुन्धरा राजे के बोल

लोगों ने भी लगाया नारा, केसरिया में हरा-हरा राजस्थान में वसुन्धरा

बीकानेर, (समाचार सेवा) मैने तो कान बंद कर लिये हैं : राजे। मैं तो इतना ही कहने आई थी अगले तीन महीने मुझे इनको (विपक्षियों को) फेस करना पड़ेगा रोज कुछ ना कुछ करेंगे ये।

कभी इधर कभी उधर भागेंगे। कभी इधर गाली देंगे। कोर्ट जाएंगे। मैने तो कान बंद कर लिये हैं। आपका आशीर्वाद मिल जाए ईश्वर का आशीर्वाद मिल जाए पब्लिक का प्यार मिल जाए बस इसके साथ हम सब कुछ फतह कर लेंगे।

नोखा के मुकामधाम में गुरुवार 6 सितंबर को मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने मंच पर बैठे साधू संतों को अपने मुकाम आने की मुख्य वजह कुछ इस तरह भी बताई।

वहीं मुकाम में भारी भीड़ देखकर सीएम राजे बोली,  हम तो इस प्रेम के ही कायल हैं। आप हमें प्रेम देते रहो और दौड़ाते रहो। काम कराते रहो। मंच के लोगों की और मुखातिब होते हुए सीएम राजे ने सामने भारी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा, ये कहीं नहीं जा रहा हैं।

ये सब अपने ही लोग हैं। ये राज अपन फिर बनायेंगे। बड़े प्रेम से वापस आयेंगे। इसमें कोई जल्दीबाजी नहीं है। विपक्ष की गतिविधियों पर टिप्पणी करते हुए सीएम राजे बोली, वो बहु अधिक बोखलाये हुए हैं।

कभी कोर्ट में भागते हैं। कभी कहां भागते हैं। कभी हैलीकॉप्टर को याद करते हैं। कभी सड़क की बात करते हैं। वो कितना भी मेहनत कर ले। गौरव यात्रा जारी रहेगी।

ईश्वर व संतों पर अपना अटूट विश्वास जताते हुए वसुन्धरा राजे ने कहा, महाराज ये आप जैसे संतो का आशीर्वाद है। मुकाम जैसे महात्मा, लोक देवता, ईश्वर, ऐसे भगवान के आशीर्वाद से आज मैं आपके सामने हूं।

मैं नहीं समझती कि ईश्ववर व संतो का आशीर्वाद के बगैर ऐसा हो सकता था। तो इनके आशीर्वाद से कहीं नहीं जा रही, कहीं नहीं जा रही। मैं यहीं हूं। काम करूंगी। पहले भी किया है। और आगे भी करूंगी।

प्रदेश की जनता को अपना परिवार बताते हुए सीएम राजे ने कहा, इतना बड़ा परिवार। छोटे बड़े, जाति अलग अगल, मजहब अलग अलग, सबकी बातों को सुनकर पचाने की कोशिश करना और सबको खुश रखना ये अपने आप में एक बहुत बड़ी कला है।

इस परिवार में पूरी की पूरी 36 कौम है। सबको गले से लगाकर चलने की कोशिश है। राजे ने कहा, ये शासन संतो ने ईश्वर के दर्शनों ने हमको दिया है मैं अटूट विश्वास करती हूं अगर सही काम हम लोग कर रहे हैं तो जनता उस चीज को देखेगी।

जनता प्यार से आगे ले जाने का काम करेगी। मुझे अटूट विश्वास है अगर सही काम किया तो कोई पीछे नहीं हटेंगा। ईश्वर और हमारे देवता लोग हमे सम्हाले रहे हैं और सही काम हम करेंगे सही काम अगर करेंगे तो प्रदेश हमारा आगे बढ़ेगा हम सब फलेंगे फूलेंगे आगे बढ़ेंगे।

मुकाम में जहां लोगों ने नारे लगाये केसरिया में हरा-हरा, राजस्थान में वसुन्धरा। वहीं सीएम ने जय जय राजस्थान का उद्घोष किया।

अपने काम पर गर्व है इसलिये कर रही हूं गौरव यात्रा : राजे

6BKN PH-3
बीकानेर जिले में नोखा के मुकाम धाम में आयोजित सभा को संबोधित करती सीएम वसुन्धरा राजे।

राजस्थान गौरव यात्रा से कांग्रेस में बढ़ी बोखलाहट : सीएम

बीकानेर, (समाचार सेवा) मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने बीकानेर संभाग की गौरव यात्रा की शुरूआत नोखा में मुकाम धाम से की। मुकाम से सीएम राजे ने विपक्षी नेताओं पर जो हमले शुरू किए वे कोलायत में आरडी 860, पूगल, लूणकरनसर व बीकानेर के रोड शो के दौरान तक जारी रहे।

मुकाम में सीएम राजे ने कांग्रेस द्वारा गौरव यात्रा पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा पिछले पांच साल मैने राज्य में काम किया, अपने काम पर मुझे गर्व है, इसीलिये गौरव यात्रा निकाल रही हूं।

सीएम ने कहा कि गौरव यात्रा से विपक्षी बोखलाये हुए हैं। कभी कोर्ट भागते हैं तो कभी कहीं ओर। कभी हेलीकॉप्टर याद करते हैं तो कभी सड़क की बात करते हैं। राजे ने कांग्रेसी नेताओं को ललकारते हुए कहा कितनी भी दौड़ लगा लो, कहीं भी पहुंच जाओ गौरव यात्रा तो रुकने वाली नहीं है।

सीएम राजे ने कहा कि राजस्थान मेरा परिवार है। परिवार के लोगों से मिलने के लिये वे कहीं हेलीकॉप्टर से लोगों के बीच पहुंचेगी तो कहीं गौरव रथ पर सवार होकर तथा अन्य वाहनों का इस्तेमाल कर लोगों के बीच पहुंचेगी।

राजे ने कहा अपने परिवार से वह पहले भी मिलती आई हैं, आगे भी मिलती रहेगी। यात्रा कभी रूकने वाली है। सीएम राजे ने यात्रा कार्यक्रम के दौरान जहां भी भाषण दिया वहां महिलाओं व बालिकाओं के लिये बनी योजना, किसानों की ऋण माफी तथा संबंधित क्षेत्र में गत पांच साल में करवाये गए विकास कार्यों का ब्योरा रखते हुए लोगों से लगातार आशीर्वाद बनाये रखने की अपील की।

गांवों में गौरव पथ, सड़कों के कार्य, बिजली विभाग के कार्य, नहर के काम, लूणकरनसर में जैतून की खेती से होने वाले फायदे गिनाये।

लगभग सभी जगह सीएम ने मार्च 2019 तक कुछ परियोजनओं के पूरा होने से लोगों को और अधिक फायदा होने की बात की।

सीएम ने मुकाम में भाजपा नेता बिहारी बिश्नोई की जमकर प्रशंसा की और कहा कि नोखा में हमारा विधायक नहीं है मगर बिहारी बिश्नोई ने नोखा के लिये मुझ से कई बार मुलाकात की, विकास कार्य करवाये।

इसी प्रकार कोलायत में राजे ने भाजपा नेता व पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी की खूब प्रशंसा की और भाटी की मांग पर ही कोलायत में कॉलेज खोलने की घोषणा की।

इसी प्रकार पूगल में सीएम राजे ने खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल की क्षेत्र में कराये गए विकास कार्यों की प्रशंसा की।

लूणकरनसर में मुख्यमंत्री राजे ने कांग्रेस की उस घोषणा की खिल्ली उड़ाई जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने बेरोजगारों को 3600 रुपये भत्ता देने की घोषणा की थी।

राजे ने कहा कि कांग्रेस के लोग पत्थर लगाने व घोषणयें करने में आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजागरों को भत्ता देने वालों से पूछ तो लो कि वे कब तक भत्ता देंगे, रकम कहां से लायेंगे।

सीएम राजे ने अपनी सभाओं में भामाशाह योजना से निशुल्क ईलाज करवाकर तंदरुस्त हुए लाभार्थियों को भी मंच पर प्रस्तुत करते हुए सरकार की योजनाओं का बखान किया कि किस प्रकार सरकार की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंच रहा है।

इससे पूर्व गौरव यात्रा के तहत निर्धारित समय से लगभग डेढ़ घटें की देरी से बीकानेर के नाल एयरपोर्ट पहुंची मुख्यमंत्री ने राजे ने एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं खासकर बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धि कुमारी से बातचीत के बाद हैलिकॉप्टर द्वारा नोखा में मुकाम धाम के लिये रवाना हुई।

मुकाम में सीएम ने गुरु जम्भेश्वर की समाधि पर पूजा अर्चना की। यहां आयोजित सभा में राजे ने कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। सीएम ने कहा जो काम विपक्षी 50 साल में नहीं कर पाये हमने पांच साल में उससे कहीं अधिक कर दिये।

बेटियों को जन्म से लेकर उम्रदराज होने तक स्वाभिमान से जीने की व्यवस्था की। गांवों में गौरव पथ बनाये। मुकाम धाम को छह गांवों से सीधे जोड़ने वाली सड़के बनार्इं। करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों के जीवन को बेहतर बनाया।

आमसभा में लोगों की संख्या से उत्साहित सीएम राजे ने कहा कि नित नये फंडे अपना रही कांग्रेस के लिये राजस्थान की सत्ता पर काबिज होने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान को आगे बढ़ाने के लिये बार बार सरकार की दबलने की परंपरा बदलनी होगी।

हर बार सरकार बदलने से प्रदेश पिछड़ जाता है, इससे जनता की उम्‍मीदे पूरी नहीं होती और नेताओं को फायदा होता है।

किसी को मालूम है कि पांच वर्ष बाद उसे सत्ता मिलेगी, तो कोई कार्य क्यों करेगा। जो कार्य कर रहा है, उसका साथ दें। कांग्रेस ने प्रदेश के विकास में कोई कार्य नहीं किया,जबकि भाजपा के कार्यकाल में विकास हुआ है, कांगे्रस पचास साल में केवल झूठे आश्वासन देती रही।

लाभार्थियों को मंच पर लाने पर कांग्रेस कहती है कि यह प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य है कि अधिकाधिक लोगों को पता चले कि सरकार किस तरह लाभान्वित कर रही है।

आरडी 860 की जनसभा में गिनाई उपलब्धियां

बज्जू के आरडी 860 में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, सिंचाई के पानी की समस्या का समाधान करने के लिये कारगर कदम उठाये।

उपनिवशेन विभाग से जुड़ी समस्याओं को समाधान करने के लिये कामकाज की प्रक्रिया को आसान किया। सरकार ने किसानों और ग्रामीणों के लिये जो वादे किये उन्हे प्राथमिकता से पूरा किया।

नहरी इलाकों में बिजली आपूर्ति के बिगड़े हालातों में सुधार किया। ग्रामीण अंचलों की सड़कों में सुधार किया। नई सड़के बनाई,बदहाल सड़कों को दूरूस्थ किया।

सभा में पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी समेत कोलायत विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता मौजूद रहे।

मुकाम में राजे का हुआ जोरदार स्वागत

मुकाम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का हेलिपैड पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, खादी बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह, बिहारी लाल बिश्नोई, नोखा प्रधान कन्हैयालाल सियाग, वरिष्ठ भाजपा नेता सहीराम विश्नोई, रामगोपाल सुधार पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा, कुम्मानाथ सिद्ध जिला महामंत्री, सरपंच मुकाम रविन्द्र कुमार, ने स्वागत किया तथा आईजी दिनेश एम.एन., संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय ने भी सीएम की आगवानी की।

पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। हेलीपैड पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इससे पूर्व नाल एयरपोर्ट पर गुरूवार सुबह विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंची मु यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों ने किया।

स्वागत करने वालों में स्थानीय निकाय मंत्री श्रीचंद कृपलानी, पशु पालन बोर्ड के अध्यक्ष गोरधन राईका, कलक्टर एन.के. गुप्ता, एसपी सवाई सिंह गोदारा, विधायक सिद्धि कुमारी, अभिमन्यु सिंह सहित कई भाजपा नेता शामिल थे।

दृढ़ इच्छा शक्ति से लक्ष्य हासिल करें युवा : राईका

6BKN PH-1
बीकानेर के वेटरनरी विवि में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करते राजस्थान राज्य पशुपालक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गोरधन राईका।

बीकानेर, (समाचार सेवा) राजस्थान राज्य पशुपालक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गोरधन राईका ने गुरूवार को वेटरनरी विश्वविद्यालय में कॉलेज स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राईका ने छात्रों का आव्हान किया कि वे दृढ़ इच्छा शक्ति के बूते अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि विरबेक एनीमल हैल्थ इन्डिया (प्रा.लि) की ओर से आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता अब जोनल स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

इसके बाद राष्‍ट्रीय स्तर पर निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी। राजुवास के सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. अशोक डांगी ने बताया कि 26 जुलाई, 2018 को इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। विरबेक एनीमल हैल्थ इन्डिया (प्रा.लि) के तरूण जैन भी उपस्थित थे।

पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्था, महिला कांग्रेस ने दिया धरना

6BKN PH-2
बीकानेर के पीबीएम अस्पताल परिसर में अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन करती महिला कांग्रेस की नेता-कार्यकर्ता।

बीकानेर, (समाचार सेवा) पी.बी एम अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं तथा रोगियों को मिलने वाली निशुल्क दवाईयों की किल्लत के खिलाफ शहर महिला कांग्रेस ने गुरुवार को अस्पताल के सामने धरना दिया व प्रदर्शन किया।

कांग्रेस की महिला नेता-कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की अव्यवस्थओं को दूर करने के लिये सरकार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में बताया गया कि किस प्रकार मौसमी बीमारी, कान नाक गला, और चर्म रोग, केन्सर विभाग में भी  दवाईया नही मिलने के कारण मरीजो को महंगी दर पर बाहर से दवाईया खरीदने के लिए मजबूर होना पड रहा है।

शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गौड के नेतृत्व में आयोजित किए गए इस एक दिवसीय धरना, प्रदर्शन में बताया गया किअस्पताल में सोनोग्राफी मशीन खराब होने के कारण बाहर से जांचे करवानी पड रही है।

शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गौड़ ने अस्पताल  प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि सीटी स्केन, और एम आर आई जांच के लिए 15 से 20 दिनो का समय दिया जा रहा है।

जिसके कारण मरीजों के ऑपरेशन भी समय पर नही हो रहे है। वही जननी सुरक्षा योजना का लाभ भी आमजन को नही मिल पा रहा है। पीबीएम प्रशासन स्तर पर करीब दो हजार महिलाओं के चैक अधरझूल में लटके हुए हैं।

उन्होनें पीबीएम प्रशासन से निशुल्क दवा योजना का लाभ आमजन को मिले, इसके लिए समस्त दवाईयों को उपलब्ध करवाने की मांग की हैं और सोनोग्राफी मशीन को जल्द ठीक करवाने की मांग की है।

प्रदर्शन में महिला कांगेस की प्रदेश महासचिव सुषमा बारूपाल ब्लॉक अध्यक्ष आशा स्वामी, मुमताज शेख, मनभरी, बसीरन, सहित बडी संख्या में महिलायें शामिल रहीं।