Samachar Seva

Mission Patrkarita

फरार वांछित आरोपियों की सूचना देने वालों को मिलेगा 5-5 हजार रुपये का इनाम

USHA JOSHI बीकानेर, (समाचार सेवा)। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने चार फरार आरोपियों मखन सिंह, जोरा सिंह, जसवीर उर्फ मोमी उर्फ बॉस तथा थान सिंह उर्फ खानू सिंह की गिरफ्तारी अथवा उनकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने इन मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्ती तेज कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जो भी व्यक्ति इन आरोपियों को गिरफ्तार करवाएगा, गिरफ्तारी में सहयोग करेगा अथवा उनकी सही एवं पुख्ता सूचना देगा, जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे घोषित इनाम राशि प्रदान की जाएगी। इनाम वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय जिला पुलिस अधीक्षक का होगा।

इन आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम

मखन सिंह पुत्र हरजिंद्र सिंह रायसिख, निवासी सोहनगढ़ रतेवाला, थाना गुरु हरसहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) पर खाजूवाला थाना के वर्ष 2022 के एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया है। जोरा सिंह पुत्र सुखदेव सिंह रायसिख, निवासी ठुठगढ़, थाना धर्मकोट, जिला मोगा (पंजाब) पर बीछवाल थाना के वर्ष 2026 के एनडीपीएस एक्ट, कारागार अधिनियम एवं बीएनएस से जुड़े प्रकरण में ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया है।

₹5,000 का इनाम घोषित

जसवीर उर्फ मोमी उर्फ बॉस पुत्र सतनाम सिंह, निवासी बड़ी मैया (गुरुद्वारे के पास), होशियारपुर (पंजाब) पर भी इसी प्रकरण में ₹5,000 का इनाम रखा गया है। थान सिंह उर्फ खानू सिंह पुत्र डूंगर सिंह, निवासी बीठनोक, थाना कोलायत, जिला बीकानेर पर पूगल थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया है।

पहचान गोपनीय रखी जाएगी

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इन फरार आरोपियों के संबंध में किसी भी प्रकार की विश्वसनीय जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।